जमीन विवाद में हत्या : पुलिस जांच तेज, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
----भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर मिलिक पंचायत के मोतीचक में बुधवार की संध्या तेज धारदार हथियार से बुद्धन मंडल की हत

भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर मिलिक पंचायत के मोतीचक में बुधवार की संध्या तेज धारदार हथियार से बुद्धन मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जमीन विवाद से जुड़े इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। गुरुवार को भवानीपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजकुमार चौधरी, अवर निरीक्षक विकास कुमार, शैलेश कुमार, बीरेंद्र कुमार, बिनोद कुमार मृतक के घर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए, ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।
पुलिस टीम ने मामले के मुख्य आरोपी के घर पहुंचकर हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश भी की। हालांकि घटना में इस्तेमाल किया गया मुख्य हथियार बरामद नहीं हो सका, लेकिन आरोपी के दरवाजे से कई लाठी एवं डंडे पुलिस ने जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। -फॉरेंसिक जांच दल को बुलाया गया : -हत्याकांड के वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए भवानीपुर थाना पुलिस द्वारा भागलपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। गुरुवार को पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल एवं शव के आसपास से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। इसके साथ ही आरोपी के घर से बरामद खून लगे लाठी एवं डंडों को भी जांच के लिए प्रदर्श के रूप में जब्त कर अपने साथ ले गये। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से घटना के खुलासे में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। -आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी : -घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बुधवार रात थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई थी। वहीं गुरुवार को भी पुलिस टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया । थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


