Purnia News: रिमझिम बारिश से राहत, जलनिकासी व्यवस्था की खुली पोल
Purnia News: पूर्णिया में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा। लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन धूप निकलने पर उमस बढ़ गई। पिछले दिनों हुई बारिश से कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।

Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में रिमझिम फुहार पड़ने से मौसम सुहावना बना रहा। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। शहर का मौसम कुछ समय के लिए मिनी दार्जिलिंग जैसा महसूस होने लगा। हालांकि शाम करीब चार बजे धूप निकलने के बाद उमस में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार गत रात से मंगलवार तक जिले में करीब पांच मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस बनी रही, लेकिन रुक-रुक कर चल रही हवाओं और हल्की बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण शहर के कई मोहल्लों और गलियों में अब भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों और गलियों में पानी जमा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं कई दिनों तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है.
....कई मोहल्लों में स्थिति गंभीर:
शहर के डॉलर हाउस चौक, श्रीनगर हाता, प्रभात कॉलोनी, हनुमान नगर, जनता चौक, प्रोफेसर कॉलोनी, पॉलिटेक्निक चौक, महराजी हाता, साहवान हाटा, भट्टा बाजार, लाइन बाजार, मंझेली चौक, अरगड़ा चौक, रामबाग, मधुबनी बाजार, खुश्कीबाग और गुलाबबाग समेत कई इलाकों की गलियों में जलजमाव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि नगर निगम की टीम विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में मशीन लगाकर जलनिकासी का कार्य कर रही है, लेकिन कई स्थानों पर समस्या अब भी बरकरार है.
....22, 24 और 26 जुलाई को येलो अलर्ट:
मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 22, 24 और 26 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 23, 25 और 27 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है.


