होली व रमज़ान को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व शराब पर सख्ती

Mar 01, 2026 12:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

केनगर और डगरूआ में होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे की अपील की और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने का आश्वासन दिया। शराबबंदी कानून और डीजे संचालन पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई।

होली व रमज़ान को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व शराब पर सख्ती

केनगर, एक संवाददाता। आगामी होली त्योहार और माह-ए-रमज़ान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शनिवार दोपहर बाद केनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ आशीष कुमार ने की। बैठक में बीडीओ आशीष कुमार, राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह और पुलिस इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से दोनों पर्वों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और समन्वय के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने कहा कि अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शराबबंदी कानून का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि चोरी-छिपे शराब बेचने, सेवन करने या नशे में अभद्र व्यवहार करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए कहा गया कि सरकारी आदेश की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। अश्लील गीत बजाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों से उनके गांवों की समस्याओं की जानकारी भी ली और सहयोग की अपेक्षा जताई। इस मौके पर सुबोध मेहता, मो. आलम, मो. मुर्तजा, सुरेन्द्र चौधरी, मो. दाउद आलम, सचिन मेहता, मो. तबरेज़, मो. मोजम्मिल सहित अन्य लोग उपस्थित थे। ...................................................... होली पर्व में हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर फोटो-28purn50 डगरूआ में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी एवं जनप्रतनिधि। बायसी, एक संवाददाता। होली और रमजान पर्व को लेकर डगरूआ थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने आपसी सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस और पब्लिक ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। थानाध्यक्ष ने कहा कि होलिका दहन और होली मिलन समारोह के दौरान यदि कहीं भी हुड़दंग या अव्यवस्था की सूचना मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की बड़ी गैदरिंग या आयोजन से पहले पुलिस को सूचना देना अनिवार्य है। अवर थानाध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने बताया कि होली और रमजान को लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम भी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। नशा सेवन करने वालों के खिलाफ मद्य निषेध विभाग और एएलटीएफ की टीम सक्रिय रहेगी। डगरूआ प्रमुख रितेश कुमार ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। वहीं सीओ योगेन्द्र दास ने कहा कि होली आपसी प्रेम और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट साझा करने से पहले तथ्यों की जांच करने की सलाह दी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की गई। उपप्रमुख मुजाहिर शुल्तान ने जनप्रतिनिधियों की ओर से भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में होली शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी। बैठक में मुखिया शाहनवाज आलम उर्फ पप्पू, नैयर आलम, मजाहरुल हक, प्रदीप दास समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।