केंद्रीय गृह मंत्री से सांसद ने विशेष पैकेज समेत की कई अहम मांगें

Feb 27, 2026 01:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

-सांसद ने स्वागत करते हुए कहा कि अब चुनावी वादों को जमीन पर उतारने का समय आ गया पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव

केंद्रीय गृह मंत्री से सांसद ने विशेष पैकेज समेत की कई अहम मांगें

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पूर्णिया और सीमांचल दौरे पर आए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। सांसद ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि अब चुनावी वादों को जमीन पर उतारने का समय आ गया है और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। सांसद ने सबसे पहले पूर्णिया-कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह देश के सबसे पिछड़े इलाकों में शामिल है, इसलिए विशेष पैकेज इस क्षेत्र का अधिकार है।

उन्होंने आग्रह किया कि इस दौरे के दौरान ही इसकी घोषणा कर जनता को भरोसा दिया जाए। पप्पू यादव ने पूर्णिया को क्षेत्रीय विकास का केंद्र बताते हुए इसे उपराजधानी का दर्जा देने की मांग भी की। उनका कहना था कि इससे प्रशासनिक सुविधाएँ बढ़ेंगी, निवेश आएगा और पूरे सीमांचल-मिथिलांचल क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। सांसद ने न्यायिक सुविधाओं को लेकर भी अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने पूर्णिया में पटना हाई कोर्ट का एक बेंच स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि दूर-दराज के लोगों को न्याय के लिए पटना जाना बेहद कठिन होता है। स्थानीय स्तर पर बेंच बनने से न्याय प्रक्रिया तेज और सुलभ होगी। बाढ़ और कटाव की समस्या को क्षेत्र के पिछड़ेपन का बड़ा कारण बताते हुए उन्होंने हाई डैम निर्माण की मांग की। साथ ही आधुनिक एंटी-इरोजन तकनीक से कटाव रोकने के स्थायी उपाय करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कृषि क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने किसानों के लिए खाद की किल्लत दूर करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह कृषि प्रधान इलाका है और खाद की कमी से किसानों की उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है, इसलिए सहकारिता विभाग के माध्यम से ठोस व्यवस्था की जाए। युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पप्पू यादव ने पूर्णिया में एआई हब स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यहाँ के प्रतिभाशाली युवा आर्थिक कारणों से बड़े शहर नहीं जा पाते, इसलिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक तकनीकी केंद्र बनने से पूरे पूर्वी भारत को लाभ मिलेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम निर्माण और ऐतिहासिक गुलाबबाग मंडी के आधुनिकीकरण की मांग भी की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।