Purnia News: आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित
Purnia News: कसबा, एक संवाददाता। सरकार की ओर से चलाए जा रहे पोषण माह के तहत कसबा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन

Purnia News: कसबा, एक संवाददाता। सरकार की ओर से चलाए जा रहे पोषण माह के तहत कसबा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या-11 के शांति नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-163 को आकर्षक ढंग से सजाकर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कसबा की सीडीपीओ माहे मुन्नवर हाशमी ने किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत से हुई। इस दौरान सीडीपीओ और सेविका ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण एवं देखभाल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सीडीपीओ ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद सबसे पहले मां का दूध देना चाहिए। मां का दूध बच्चे के लिए अमृत के समान होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दो वर्ष तक स्तनपान कराने के साथ उनके खान-पान और पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में ‘हमारे बच्चे, हमारी जिम्मेदारी’ के नारे के साथ सभी ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शपथ ली। सीडीपीओ माहे मुन्नवर हाशमी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित आने वाले बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजें, ताकि उन्हें शिक्षा एवं पोषण संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। महिला पर्यवेक्षिका मोनिका कुमारी ने कहा कि बच्चे देश के सच्चे भविष्य होते हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के लिए अभिभावकों तथा आंगनबाड़ी कर्मियों को मिलकर काम करना चाहिए। इस मौके पर सेविका पिंकी कुमारी, शारदा कुमारी, राखी कुमारी, बेबी कुमारी सहित अन्य सेविका, बच्चे और अभिभावक मौजूद थे.
आंगन मिलन कार्यक्रम में बच्चों की पूर्व शिक्षा और पोषण पर हुई चर्चा
रूपौली, एक संवाददाता। रूपौली बाल विकास परियोजना अंतर्गत सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 169 बिरौली कुशवाहा टोला में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की स्कूल पूर्व शिक्षा, पोषण और स्वच्छता को लेकर अभिभावकों एवं लाभार्थियों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र पर स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त करने पहुंचे बच्चों के तिलक लगाकर की गई। सेविका सीमा चौधरी ने बच्चों को तिलक लगाया। इस मौके पर महिला पर्यवेक्षिका बबीता कुमारी ने पोषण क्षेत्र की लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र पर स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों से घर जाने के बाद यह जरूर पूछना चाहिए कि उन्होंने केंद्र पर आज क्या सीखा। इससे बच्चों की सीखने की गतिविधियों के बारे में अभिभावकों को जानकारी मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों से कार्यक्रम के दौरान अपने सुझाव भी साझा करने की अपील की। साथ ही बच्चों और परिवार के लिए संतुलित खान-पान एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। सेविका सीमा चौधरी ने स्वच्छता के महत्व पर चर्चा करते हुए बच्चों और अभिभावकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी लाभार्थी महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद थे.

