
आईसीपी की तर्ज पर सीमांचल में बनाये जायेंगे नये चेक पोस्ट
-हिन्दुस्तान एक्सक्लूसिव : पूर्णिया, धीरज। बांग्लादेश से घुसपैठ को रोकने के लिये केंद्र व राज्य सरकार ने एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत अंतरराष
पूर्णिया, धीरज। बांग्लादेश से घुसपैठ को रोकने के लिये केंद्र व राज्य सरकार ने एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चेकिंग के बाद सेकेंड लाइन चेकिंग तैयार करने के उद्देश्य से सीमांचल में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) की तर्ज पर नये चेक पोस्ट बनाये जायेंगे। यह चेक पोस्ट राज्य सरकार के अधीन होगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर मदद की जायेगी। चेक पोस्ट का निर्माण पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिला में किया जाने वाला है। सरकार के निर्देश के बाद चेक पोस्ट के लिये जमीन चिन्हित करते हुए प्रस्ताव भेजने की तैयारी में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जुट गये हैं।
पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान को बताया कि सीमांचल में आईसीपी की तर्ज पर नये चेक पोस्ट के निर्माण को लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पूर्वी बार्डर पर बांग्लादेश एवं पश्चि बंगाल से बिहार प्रवेश करने वाले एंट्री प्वाइंट पर यह आईसीपी बनेगा। डीएम एवं एसपी से कहा गया है कि चेकपोस्ट के लिए भूमि चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार करें, ताकि इसे जल्द सरकार को भेजा जा सके। -बीएमपी के हाथों में होगी चेकपोस्ट की कमान : --- -आईसीपी की तर्ज पर चेक पोस्ट के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जायेगा। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद काम शुरू होगा। इसके लिए अलग से बजट होगा। इस दिशा में केंद्र सरकार भी मदद करेगी। इस चेक पोस्ट की जिम्मेदारी पूर्णिया एयरपोर्ट की तर्ज पर बिहार पुलिस के हाथों में न होकर बीएमपी के हाथों में होगी। इससे पुलिस पर भी प्रैशर नहीं होगा। चेक पोस्ट मल्टी स्टोरी होगा। जहां एक साथ एक दर्जन से अधिक कर्मियों के रहने, खाने-पीने के साथ वाहनों की व्यवस्था होगी। उन्हें सभी साधन और संसाधन से लैस किया जायेगा। -सीमांचल के करीब है बांग्लादेश की सीमा : -- -बांग्लादेश की सीमा सीमांचल के करीब है। बिहार-बंगाल बॉर्डर पर सेकेंड लाइन चेकिंग के बाद बांग्लादेशियों के लिए घुसपैठ आसान नहीं होगा। इससे चिकन नेक के एरिया में सुरक्षा मजबूत होने के साथ सुरक्षा तंत्रों की पहरेदारी मजबूत हो जायेगी। इसी उद्देश्य के तहत चेक पोस्ट का निर्माण किया जाने वाला है। खासकर किशनगंज के इलाके में इसकी जरूरत महसूस की जा रही है। साथ ही कटिहार और पूर्णिया जिला में भी इसका निर्माण होगा। चेक पोस्ट से संदिग्धों की जांच, वाहनों की जांच के साथ लॉ एंड आर्डर की व्यवस्था और भी दुरुस्त होगी। -बांग्लादेश से आने वालों की होगी जांच : --- -नेपाल सीमा पर मजबूत सुरक्षा घेरा की तरह बांग्लादेश सीमा से सटे इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए यह पहल की जा रही है। बता दें कि बांग्लादेश की सीमा किशनगंज शहर से 22 किलोमीटर दूर है। कटिहार जिला की सीमा से 60 किलोमीटर दूर है। इसी तरह पूर्णिया और अररिया जिला से अंतरराष्ट्रीय सीमा 80 किलोमीटर दूर है। नेपाल सीमा की रखवाली एससएबी के हाथों में है। बांग्लादेश सीमा पर भी रखवाली एससएबी के हाथों में है। बार्डर से प्रवेश के बाद घुसपैठियों के ठोस जांच की अभी कोई व्यवस्था नहीं है। आईसीपी की तर्ज पर चेक पोस्ट के निर्माण के बाद बांग्लादेश से भारत आने वालों की जांच होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




