Purnia News: राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
Purnia News: पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। व्यवहार न्यायालय परिसर पूर्णिया में शनिवार को वर्ष की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत लगायी गई।

Purnia News: पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। व्यवहार न्यायालय परिसर पूर्णिया में शनिवार को वर्ष की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत लगायी गई। इस दौरान पक्ष्कारों के बीच सहमति से मामलों का निपटरा किया गया। इसके पहले फैमिली कोर्ट के जज राकेश कुमार, जिला व अपर सत्र न्यायाधीश देशमुख, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन, विधिक सेवा प्राधिकार सचिव सुनील कुमार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जे.एन. अम्बष्ट, सचिव सुमनजी प्रकश, लोक अभियोजक अवधेश तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का उद्घाटन किया। इस मौके पर न्यायिक दंडाधिकारी, पुलिस एवं न्यायालय के अधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन पूर्णिया व्यवहार न्यायालय के साथ जिले के तीनों अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालयों बनमनखी, धमदाहा एवं बायसी में भी एक साथ किया गया। लोक अदालत में आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निपटारा किया गया। पूर्णिया व्यवहार न्यायालय परिसर में लंबित ट्रैफिक एवं परिवहन चालानों के निष्पादन को लेकर सुबह से ही वाहन स्वामियों की भीड़ जुटी रही। दिनभर वाहन मालिक अपने लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए पहुंचते रहे और देर शाम तक निष्पादन की प्रक्रिया जारी रही। बिहार सरकार के परिवहन विभाग की एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना-2026 के तहत 90 दिनों से अधिक समय से लंबित पात्र चालानों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था की गई थी। पात्र मामलों में शमन राशि में 50 प्रतिशत तक की राहत मिलने के प्रावधान के कारण वाहन स्वामियों में पुराने चालानों के निपटारे को लेकर विशेष रुचि देखी गई। अदालत की कार्रवाई के दौरान पदाधिकारियों ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
राष्ट्रीय लोक अदालत में 206 मामलों का निष्पादन, 68.13 लाख की रिकवरी
bायसी, एक संवाददाता।
bायसी अनुमंडल मुख्यालय परिसर में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्णिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में आपसी समझौते के आधार पर 206 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें 157 बैंक मामलों में 1 करोड़ 75 लाख 66 हजार 465 रुपये के सेटलमेंट के बाद 68 लाख 13 हजार 133 रुपये की रिकवरी की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सब जज कुमारी सरोज कृति, एसडीएम अभिषेक रंजन, अपर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र पांडेय, मुंसिफ मो. कमरुल जमा, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सुनीता कुमारी एवं नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कुर्बान अली ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर सब जज कुमारी सरोज कृति ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन करना है। लोक अदालत में मामलों के निष्पादन के लिए दो बेंच का गठन किया गया था। पहले बेंच का नेतृत्व सब जज कुमारी सरोज कृति तथा दूसरे बेंच का नेतृत्व मुंसफ मो. कमरुल जमा ने किया। एसडीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों को आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाने का वैकल्पिक और त्वरित मंच है। इसके माध्यम से बैंक वसूली, चेक बाउंस, मोटर वाहन सहित विभिन्न मामलों का निःशुल्क एवं त्वरित निष्पादन किया जाता है। मुंसिफ मो. कमरुल जमा ने बताया कि बैंक से संबंधित 157 मामलों में 1 करोड़ 75 लाख 66 हजार 465 रुपये का सेटलमेंट हुआ, जिसमें 68 लाख 13 हजार 133 रुपये की रिकवरी की गई। वहीं, मोटर वाहन से संबंधित आठ मामलों में वाहन मालिकों से 10 हजार 500 रुपये की वसूली की गई। इसके अलावा अन्य 41 मामलों का भी निष्पादन किया गया। इस तरह कुल 206 मामलों का निपटारा किया गया। मौके पर रणधीर कुमार सहित न्यायालय के सभी कर्मी मौजूद थे.
राष्ट्रीय लोक अदालत में 151 मामलों का हुआ निपटारा
धमदाहा, एक संवाददाता।
अनुमंडल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 151 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें विभिन्न बैंकों से संबंधित 141 ऋण मामलों का समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े चार मामलों में जुर्माना वसूल कर निष्पादन किया गया। लोक अदालत में विभिन्न बैंकों के ऋण से संबंधित 141 मामले, आपराधिक प्रकृति के छह मामले तथा यातायात नियम उल्लंघन से संबंधित चार मामले प्रस्तुत किए गए थे। पांच बैंकों की ओर से 141 ऋण मामलों में कुल 2 करोड़ 40 लाख 91 हजार 191 रुपये की दावा राशि रखी गई थी। सुनवाई के बाद 141 मामलों में 70 लाख 91 हजार 240 रुपये पर समझौता हुआ। इसमें ऋणधारियों द्वारा विभिन्न बैंकों में 56 लाख 16 हजार 28 रुपये जमा किए गए। वहीं, यातायात नियम उल्लंघन के चार मामलों में कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया था, जिसमें 8 हजार रुपये जमा कराकर मामलों का निष्पादन किया गया। लोक अदालत में निष्पादित आपराधिक मामलों में छह मामले ऐसे थे, जो 10 वर्ष से अधिक समय से न्यायालय में लंबित थे। इन मामलों के निष्पादन से संबंधित पक्षों को राहत मिली।बमौके पर सिविल जज जूनियर डिवीजन शिवकुमार सिंटू, अधिवक्ता आशुतोष कुमार सिंह, न्यायालय कर्मी महेश कुमार पासवान, विभिन्न बैंकों एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।

