तीन दिनों से लापता युवक का जंगल से मिला शव
जानकीनगर के थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय युवक गजेन्द्र मंडल का शव मिला है। वह तीन दिनों से लापता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसमें जमीन विवाद और प्रेम-प्रसंग शामिल हैं। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए हैं और शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

जानकीनगर, एक संवाददाता। जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में तीन दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता एक 40 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान रूपौली दक्षिण पंचायत स्थित रमजानी मंडल टोला वार्ड संख्या चार निवासी स्वर्गीय धूरी मंडल के पुत्र गजेन्द्र मंडल के रूप में हुई है।
जांच की प्रक्रिया
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम एवं जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान ने संयुक्त रूप से बताया कि लापता युवक का शव बरामद किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। भागलपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पत्नी गणिता देवी से पूछताछ की जा रही है। मामले में जमीन विवाद, प्रेम-प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच चल रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया गया है।
लापता होने की जानकारी
पुलिस का कहना है कि मोबाइल टावर लोकेशन एवं कॉल डिटेल्स से मामले के खुलासे में मदद मिल सकती है। जानकारी के अनुसार गजेन्द्र मंडल पिछले रविवार की शाम करीब छह बजे के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। परिजनों ने जब मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो गायब होने के करीब एक घंटे बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने गांव सहित रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की रिपोर्ट
सोमवार की शाम मृतक की पत्नी ने जानकीनगर थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गुरुवार को वरुणेश्वर वितरणी नहर के पश्चिमी बांध के किनारे दिबरा बाजार के समीप जंगल में मक्का काटने गए मजदूरों ने बदबू आने पर एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


