दो दिन से लापता युवक का धान के खेत में मिला शव
संक्षेप: बड़हरा कोठी, एक संवाददाता। रुपेश्वरी ओपी क्षेत्र के लतरहा पंचायत में दो दिनों से लापता युवक का शव धान के खेत में बरामद हुआ।

बड़हरा कोठी, एक संवाददाता।रुपेश्वरी ओपी क्षेत्र के लतरहा पंचायत में दो दिनों से लापता युवक का शव धान के खेत में बरामद हुआ। मृतक हल्दीवारी निवासी मो. मंजर उर्फ बिकु के 19 वर्षीय पुत्र मो. बाबूल था। मो. बाबूल दो दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की जानकारी रुपेश्वरी ओपी में देकर खोजबीन की गुहार लगाई थी। पुलिस भी छानबीन में जुटी थी और एक युवक को पूछताछ के लिए ओपी लाया गया था लेकिन बाबूल का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार की शाम हल्दीवारी बहियार में मवेशी चराने गए एक चरवाहे ने धान के खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा।
शोर मचने पर आसपास के ग्रामीण जुटे और शिनाख्त की गई। पहचान होते ही पूरे इलाके में घटना की खबर आग की तरह फैल गई। मृतक के पिता मो. मंजर ने बताया कि दो दिन पहले वे पूर्णिया से लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपने बेटे से मोटरसाइकिल लेकर बड़हरा आने को कहा था। फोन पर अंतिम बार बात हुई, लेकिन उसके बाद बाबूल का फोन बंद हो गया। घर पहुंचने पर जब बेटे का कोई पता नहीं चला तो खोजबीन शुरू की, लेकिन आज खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बड़हरा थानाध्यक्ष संजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




