पशु मोबाइल एम्बुलेंस से बीमार पशुओं का नि:शुल्क इलाज जारी
जलालगढ़ पशु चिकित्सालय की टीम ने मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बीमार पशुओं का नि:शुल्क इलाज किया। ठंड में बीमारियों में वृद्धि को देखते हुए यह सेवा पशुपालकों के लिए राहत का काम कर रही है। पशु चिकित्सक ने ठंड के मौसम में पशुओं की देखभाल के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

जलालगढ़, एक संवाददाता। जलालगढ़ पशु चिकित्सालय की टीम द्वारा पशु मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घूम-घूम कर बीमार पशुओं का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। ठंड के मौसम में पशुओं में बढ़ रही बीमारियों को देखते हुए यह सेवा पशुपालकों के लिए काफी राहत भरी साबित हो रही है। पशु चिकित्सक डॉ. आदित्य कुमार ने बताया कि वर्तमान में ठंड के कारण बड़ी संख्या में पशु बीमार पड़ रहे हैं और बिना इलाज के कई पशुओं की हालत दयनीय हो जाती है। ऐसे में सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई पशु मोबाइल एम्बुलेंस के जरिए ग्रामीण इलाकों में जाकर पशुओं का उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पशुपालकों से सूचना मिलते ही टीम तत्काल गांव के लिए रवाना हो जाती है। टीम में डॉ. प्रमोद कुमार मेहता, सहायक गुलाम साबिर और मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल हैं। सोमवार को चक पंचायत और जलालगढ़ पंचायत के दर्जनों पशुपालकों के पशुओं का नि:शुल्क इलाज किया गया। पशुओं में बुखार, पतला दस्त, ठंड में शरीर का तापमान गिरने से कमजोरी जैसी समस्याएं अधिक देखी जा रही हैं। डॉ. आदित्य कुमार ने पशुपालकों को सलाह दी कि ठंड के मौसम में मवेशियों को ठंडा पानी न पिलाकर गुनगुना पानी दें, गुड़ और खली का सेवन कराएं, रात में शरीर पर गर्म कपड़ा रखें और छत के नीचे बांधें ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


