एमआईटी रामबाग एमटेक की पढ़ाई कराने वाला पहला निजी कॉलेज बनेगा
पूर्णिया के मिल्लिया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) को एआईसीटीई से एमटेक कार्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति मिली है। यह बिहार का पहला निजी कॉलेज है जिसे एमटेक कोर्स की अनुमति मिली है। प्रारंभ में सिविल इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर साइंस में पाठ्यक्रम शुरू होंगे, जो छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेंगे।

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। मिल्लिया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) रामबाग को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) द्वारा एमटेक कार्यक्रम संचालित करने की आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। इस मंजूरी के साथ संस्थान बिहार का पहला निजी कॉलेज बन गया है, जिसे एमटेक कोर्स चलाने की अनुमति प्राप्त हुई है। संस्थान में प्रारंभिक चरण में दो प्रमुख शाखाओं सिविल इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में एमटेक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। संस्थान के निदेशक डॉ. असद इमाम ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान के निरंतर प्रयास, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे सीमांचल सहित आसपास के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे और संस्थान की शैक्षणिक पहचान और मजबूत होगी।
सहायक निदेशक आदिल इमाम ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी नए रोजगारपरक कोर्स शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि छात्रों को आधुनिक समय के अनुरूप शिक्षा मिल सके और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों। प्राचार्य डॉ. शाकिब शकील ने इसे एमआईटी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एमटेक कार्यक्रम शुरू होने से छात्रों को शोध कार्य, नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य भविष्य में पीएचडी कार्यक्रम शुरू करना भी है, जिसके लिए अभी से तैयारी की जा रही है। उम्मीद है कि वर्तमान एमटेक बैच के अंतिम वर्ष तक पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए भी मान्यता लेने का प्रयास पूरा कर लिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी फैकल्टी और रिसर्च उन्मुख वातावरण विकसित किया जा रहा है, ताकि छात्र सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दक्षता भी हासिल कर सकें। साथ ही इंडस्ट्री आधारित ट्रेनिंग और प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


