बकरीद को लेकर केनगर थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
केनगर, एक संवाददाता। आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर केनगर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

केनगर, एक संवाददाता। आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर केनगर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर टू एसडीपीओ गौरव कुमार ने की। बैठक में बीडीओ आशीष कुमार एवं सीओ दिवाकर कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने नवपदस्थापित एसडीपीओ गौरव कुमार का संयुक्त रूप से स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीपीओ गौरव कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने लोगों से आपसी सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं बीडीओ आशीष कुमार और सीओ दिवाकर कुमार ने प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि मौसम को देखते हुए लोग पहले से तैयारी रखें। उन्होंने कहा कि यदि बारिश होती है तो ऐसी स्थिति में मस्जिदों में भी नमाज अदा की जा सकती है। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, अफवाह या उपद्रव फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट को साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही कहा कि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में बिठनौली पश्चिम पंचायत के मुखिया शुशील उर्फ बमबम महतो, पूर्व मुखिया भवेंद्र उर्फ बब्बू महतो, समिति सदस्य मो. तबरेज आलम, बिठनौली पूरब पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. संजर उर्फ लड्डू, पूर्व प्रमुख मिर्जा मंजूर बेग एवं समाजसेवी मो. इम्तियाज गुल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।.................................अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाईजलालगढ़, एक संवाददाता।बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जलालगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता कुमारी एवं थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में सभी धार्मिक पर्व वर्षों से शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाते रहे हैं और इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। बीडीओ ममता कुमारी ने कहा कि बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक संदेशों पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सजग है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग बेहद जरूरी है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में पूर्व प्रखंड प्रमुख सदानंद झा, मंजूर अहमद, मुखिया प्रतिनिधि मो. सरवर आलम, मो. नौशाद, दिलीप शर्मा, राज कुमार दास उर्फ राजू, मो. गयासुद्दीन, पंचायत समिति सदस्य नीरज कुमार भारती उर्फ पंकज भारती, अब्दुल रहमान, अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। इसके अलावा कुतुबुद्दीन अंसारी, मार्शल अंसारी, मो. सलमान, धर्मानंद यादव, उपमुखिया नीलेश चौरसिया, पुअनि ब्रिज किशोर सिंह एवं अवलेश कुमार समेत कई लोगों ने बैठक में भाग लिया।..........................कुर्बानी का वीडियो सार्वजनिक करने पर होगी कार्रवाईगढ़बनैली, एक संवाददाता।बकरीद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कसबा थाना परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने की। बैठक में नवपदस्थापित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार, अंचल पदाधिकारी रीता कुमारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में प्रशासन की ओर से लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विशेष रूप से कुर्बानी से जुड़े वीडियो या तस्वीरों को सार्वजनिक अथवा सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की हिदायत दी गई। प्रशासन की ओर से कहा गया कि कुर्बानी पर्दे के पीछे एवं निर्धारित नियमों के तहत की जाए, ताकि किसी की भावना आहत न हो। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नवपदस्थापित एसडीपीओ डॉ गौरव कुमार का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जिलाध्यक्ष बमबम साह, भाजपा जिला मंत्री संजय कुमार मिर्धा, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गोपाल यादव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने उन्हें शॉल एवं पुष्पमाला देकर सम्मानित किया। बैठक में भाजपा जिला मंत्री संजय कुमार मिर्धा, राजद नेता मो. नुरुल, समाजसेवी मो. आबिद, संजय विश्वास, सरपंच मनोज शर्मा, राहुल साह, सुमित सोनार, मुखिया प्रतिनिधि मो. जुल्लू रहमान, सांसद प्रतिनिधि पप्पू चौरसिया समेत कई लोग मौजूद थे।


