Purnia News: बिहुला-बिषहरी पूजा में उमड़ा आस्था का सैलाब, नाग देवता को चढ़ाया दूध-लावा
Purnia News: पूर्णिया पूर्व प्रखंड में तीन दिवसीय बिहुला-बिषहरी पूजा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोग माता बिहुला-बिषहरी की पूजा कर परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नाग देवता को दूध और लावा अर्पित कर पूजा की जाती है। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Purnia News: पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र में तीन दिवसीय बिहुला-बिषहरी पूजा को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को पूजा के दूसरे दिन विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। गांवों से लेकर शहर तक भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता बिहुला-बिषहरी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं घर-घर नाग देवता को दूध और लावा अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। बताया जाता है कि भादो माह की अमावस्या के अवसर पर बिहुला-बिषहरी पूजा की परंपरा रही है। यह पूजा विशेष रूप से नाग देवता की आराधना से जुड़ी मानी जाती है। श्रद्धालु नाग देवता को दूध और लावा अर्पित कर परिवार की रक्षा एवं सुख-शांति की कामना करते हैं। इसी परंपरा के तहत रविवार की देर शाम विभिन्न पूजा स्थलों पर भगत द्वारा विधि-विधान के साथ माता बिहुला-बिषहरी की प्रतिमा स्थापित की गई।
प्रतिमा स्थापना और विवाह संस्कार
प्रतिमा स्थापना के बाद माता बिहुला-बिषहरी के विवाह संस्कार के तहत मंडप कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगत ने पारंपरिक रीति-रिवाज एवं धार्मिक विधियों के अनुसार पूजा-अर्चना की। सोमवार को माता बिहुला-बिषहरी का विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर पूजा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने डाला में फल, फूल, मिठाई, गाय का दूध, मंजूषा सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर माता को अर्पित किया। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रखंड क्षेत्र के महेन्द्रपुर, मझुआ, भोगा, वीरपुर, बेलवा, रानीपतरा, रजीगंज, दीवानगंज, बेलौरी, मटिया, बियारपुर समेत अन्य गांवों में बिहुला-बिषहरी पूजा धूमधाम से मनाई गई। पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही पूजा स्थल श्रद्धालुओं से गुलजार हो गए। कई जगहों पर धार्मिक गीत एवं पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न पूजा स्थलों के आसपास भव्य मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में खिलौने, मिठाई, खान-पान एवं घरेलू सामानों की दुकानें सजी थीं। बच्चों और महिलाओं ने मेले का जमकर आनंद लिया।
...बिहुला बिषहरी की गाथा:
बिहुला बिषहरी की गाथा
अंग क्षेत्र का प्रसिद्ध लोकपर्व बिहुला-विषहरी लोकगाथा मुख्य रूप से बिहार के अंग क्षेत्र (भागलपुर/चंपानगर) से जुड़ी एक अमर प्रेम, सतीत्व और नागों की देवी मां मनसा (विषहरी) की पौराणिक कथा है। यह कथा भगवान शिव के अनन्य भक्त चांदो सौदागर के अहंकार और देवी विषहरी के प्रकोप तथा उनकी पुत्रवधू बिहुला के अटूट साहस की कहानी है। बिहुला-बिषहरी की लोकगाथा एवं जीवन प्रसंग पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोक संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम का समापन
तीन दिवसीय पूजा के तीसरे दिन मंगलवार को पारंपरिक पूजा-अनुष्ठान के बाद बलि एवं कलश विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद देर संध्या तक कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा। पूजा एवं लोकगाथा कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। लोगों ने माता बिहुला-बिषहरी एवं नाग देवता से परिवार और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।


