जीविका निधि : दीदियों के लिए सस्ता ऋण मिलेगा

Feb 28, 2026 01:09 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

पूर्णिया में जीविका क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान में जीविका कर्मियों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जीविका निधि की अवधारणा और कार्य प्रणाली पर चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सस्ते और सुलभ वित्तीय संसाधनों की आवश्यकता के बारे में बताया, जिससे ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाया जा सके।

जीविका निधि : दीदियों के लिए सस्ता ऋण मिलेगा

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। जीविका क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान में पूर्णिया के सभी जीविका कर्मियों को जीविका निधि की अवधारणा तथा इसकी कार्य प्रणाली पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिले में कार्यरत जीविका के सभी कर्मियों समेत सभी स्तर के पदाधिकारियों ने इस कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में भाग ले रहे अनूप कुमार तथा राजेश कुमार ने जीविका निधि की स्थापना एवं इसके संचालन पर विस्तार से सभी प्रतिभागियों को इसके स्वरुप तथा इसकी रूपरेखा की जानकारी दी। प्रतिभागियों के द्वारा जीविका निधि से सम्बंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे गए। प्रशिक्षक के द्वारा विभिन्न सत्रों में इन सभी सवालों का जवाब दिया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक ओम प्रकाश मंडल ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले वर्ष पूरे राज्य में जीविका निधि नामक सहकारी संस्था की स्थापना का निर्णय लिया। सर्वेक्षण के मुताबिक़ राज्य की अधिकतर महिलाएं ख़ास कर ग्रामीण महिलाएं अपनी आकस्मिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्च ब्याज दर पर विभिन्न माइक्रोफाइनेंस कंपनियों से मजबूरन कर्ज ले लेती हैं जिसे वो कम से कम 24 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से वापस करती हैं। बिहार के लगभग सभी जिलों की यही स्थिति है। इस महंगे ब्याज वाले कर्ज के चंगुल में वो इस तरह से फसती हैं कि उनकी आमदनी का समस्त श्रोत ऋण अदायगी में ही चला जाता है। इस कारण उस महिला के पूरे परिवार पर इसका बहुत नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। चूँकि इस ऋण की उपलब्धता तुरंत हो जाती है इसलिए महिलाएं मजबूरी में ही सही लेकिन इसका लाभ लेती हैं। कार्यशाला में जीविका निधि की आवश्यकता को बताते हुए प्रशिक्षक अनूप कुमार ने कहा कि जीविका निधि का मूल उद्देश्य जीविका दीदियों को सस्ता, सुलभ तथा पारदर्शी तरीके से वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आय सृजन की गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम करेगी। कार्यशाला में सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, सामुदायिक समन्वयक, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ, कार्यलय सहायक, लेखापाल, विषयगत प्रबंधक समेत 140 से अधिक कर्मी मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।