बार एसोसिएशन चुनाव: 21 एनआर कटए, 11 ने भरा नामांकन पर्चा
पूर्णिया में अधिवक्ताओं ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है। नामांकन के दूसरे दिन 21 अधिवक्ताओं ने एनआर कटाया और 11 ने विभिन्न पदों के लिए पर्चा दाखिल किया। इस बार कुल 1280 अधिवक्ता मतदान करेंगे, जिससे हर वोट की अहमियत बढ़ गई है। चुनाव की तिथि 18 अप्रैल निर्धारित है।

पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। कोर्ट में कानून की धाराओं से फैसले करवाने वाले अधिवक्ता इन दिनों चुनावी समीकरणों की धार तेज करने में जुटे हैं। हर चेंबर एक रणनीति कक्ष में बदल गया है, जहां बहस अब केस की नहीं, बल्कि समर्थन और जीत की हो रही है। मंगलवार को नामांकन के दूसरे दिन 21 अधिवक्ताओं ने एनआर कटाया जबकि 11 अधिवक्ताओं ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पर्चा दाखिल किया। इससे पहले पहले दिन भी 20 एनआर कटने के साथ कई पदों पर नामांकन हुआ था। दो दिनों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। लगातार बढ़ती भागीदारी से साफ है कि इस बार चुनाव में अधिवक्ताओं की दिलचस्पी काफी ज्यादा है।
दो दिनों में कुल मिलाकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में दिख रहे हैं। दूसरे दिन 11 अधिवक्ताओं ने अलग-अलग पदों के लिए पर्चा दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए एक उम्मीदवार, उपाध्यक्ष के लिए एक, सचिव के लिए एक, ज्वाइंट सेक्रेट्ररी के लिए एक, असिस्टेंट सेक्रेट्ररी के लिए दो, सीनियर मेंबर के लिए एक, ऑडिटर के लिए एक, विजिलेंस कमेटी के लिए एक और कार्यकारिणी सदस्य के एक पद के लिए उम्मीदवार ने नामांकन किया था अब दूसरे दिन के नामांकन के बाद कई पदों पर मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना बढ़ गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित है। कानूनी बहस के लिए मशहूर अधिवक्ता अब अपने पक्ष में मतों की पैरवी करते नजर आ रहे हैं। इन दिनों बार परिसर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा हुआ है। अधिवक्ता अपने-अपने समर्थकों के साथ बैठक कर रणनीति बना रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं से समर्थन लेने का सिलसिला तेज हो गया है चाय की दुकानों और चेंबरों में चुनावी चर्चा आम हो गई है। इस बार चुनाव में कुल 1280 अधिवक्ता मतदाता हिस्सा लेंगे। ऐसे में हर एक वोट की अहमियत बढ़ गई है। उम्मीदवार व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और आपसी रिश्तों के जरिए समर्थन जुटाने में जुटे हैं। चुनाव में एक ओर जहां अनुभवी और सीनियर अधिवक्ता मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर युवा अधिवक्ता भी अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। इससे मुकाबला संतुलित और रोचक हो गया है। यह चुनाव न केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित है बल्कि बार के भविष्य, अधिवक्ताओं की सुविधाओं और प्रशासनिक समन्वय को भी प्रभावित करेगा। इसी कारण अधिवक्ताओं के बीच इसे लेकर खासा उत्साह और गंभीरता देखी जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


