Purnia News: डिग्री कॉलेज के लिए पांच एकड़ जमीन देने पर चर्चा, स्टेडियम बचाने की उठी मांग
Purnia News: जलालगढ़, एक संवाददाता। राजकीय डिग्री महाविद्यालय जलालगढ़ के लिए भूमि उपलब्ध कराने की कवायद के बीच मंगलवार को विधायक नितेश कुमार सिंह एनडी रूंगटा उ

Purnia News: जलालगढ़, एक संवाददाता। राजकीय डिग्री महाविद्यालय जलालगढ़ के लिए भूमि उपलब्ध कराने की कवायद के बीच मंगलवार को विधायक नितेश कुमार सिंह एनडी रूंगटा उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर, खेल मैदान और स्टेडियम का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड के एकमात्र स्टेडियम एवं खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग विधायक के समक्ष रखी। विद्यालय की करीब 10 एकड़ जमीन में से पांच एकड़ जमीन डिग्री कॉलेज के लिए उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा चल रही है। डिग्री कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने को लेकर एनडी रूंगटा उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में संबंधित समितियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के पास उपलब्ध करीब 10 एकड़ जमीन में से पांच एकड़ जमीन डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। अधिकारियों और समिति सदस्यों ने जमीन की वास्तविक स्थिति, उपलब्ध रकबा, अतिक्रमण और पैमाइश से जुड़े बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया。
स्टेडियम की जमीन कॉलेज के लिए लेने का विरोध:
एनडी रूंगटा उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्थित स्टेडियम और खेल मैदान को डिग्री कॉलेज के लिए प्रस्तावित जमीन की जद में आने की जानकारी के बाद स्थानीय स्तर पर इसका विरोध शुरू हो गया है। प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर उर्फ भिखारी यादव समेत स्थानीय लोगों ने स्टेडियम और खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग की है। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि विद्यालय की 10 एकड़ जमीन में जहां भी अतिक्रमण है, पहले उसे हटाकर पूरी जमीन की नापी कराई जानी चाहिए। इसके बाद डिग्री कॉलेज के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जलालगढ़ का यह एकमात्र स्टेडियम है, जहां प्रखंड क्षेत्र के बच्चे और युवा नियमित रूप से खेलकूद की गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। ऐसे में बने-बनाए स्टेडियम को हटाकर वहां कॉलेज का निर्माण करना उचित नहीं होगा। मंगलवार को विधायक नितेश कुमार सिंह ने विद्यालय परिसर और खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए स्टेडियम और मैदान को बचाने की मांग की। विधायक ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज भी जरूरी है और खेल का मैदान भी जरूरी है। ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, जिससे डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए आवश्यक जमीन भी उपलब्ध हो और जलालगढ़ का एकमात्र स्टेडियम एवं खेल मैदान भी सुरक्षित रहे। इस दौरान प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर उर्फ भिखारी यादव, प्रभारी सीओ सौरभ कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी, अमीन, कुंदन कुणाल, वरुण विश्वास बबलू, गोपाली पाण्डेय, हर्षित किशु झा, प्रदीप कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।


