भतीजे ने चाचा पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
जलालगढ़ थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्रपुर में एक जमीनी विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। भतीजे ने अपने चाचा पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।

जलालगढ़, एक संवाददाता। जलालगढ़ थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्रपुर वार्ड संख्या 5 में सोमवार को आपसी जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भतीजे ने अपने ही चाचा पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया जिससे चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्रपुर निवासी मो. हसीब (40 वर्ष) अपनी पुत्री मजहबी खातून के साथ पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर आवेदन देने जलालगढ़ थाना पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से उनकी बड़ी अम्मी नसीमा खातून और उनका बेटा रेहान भी थाना आए, लेकिन वे पहले ही वहां से लौट गए। पीड़िता मजहबी खातून ने बताया कि थाना से बाहर निकलकर आवेदन लिखवाने के दौरान मुख्य गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई रेहान ने अचानक उनके पिता पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद पिता-पुत्री के शोर मचाने पर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर घायल को बचाया और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालगढ़ पहुंचाया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पहले पूर्णिया रेफर किया और बाद में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया। फिलहाल उनका इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी अफसाना खातून, भाई मो. फिरोज और भतीजा अफरोज ने बताया कि आरोपी रेहान मुंबई में रहता है और ईद के मौके पर घर आया था। बीते एक सप्ताह से जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद और कहासुनी हो रही थी। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था और मुंबई भागने की फिराक में था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर उसे पूर्णिया जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जलालगढ़ थाना कांड संख्या 77/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


