Purnia News: पूर्णिया में जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ शहर : भजन-कीर्तन और रॉक बैंड पर झूमे श्रद्धालु
Purnia News: पूर्णिया में जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। जिले भर में भजन-कीर्तन और रॉक बैंड की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

Purnia News: पूर्णिया में जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ शहर : भजन-कीर्तन और रॉक बैंड पर झूमे श्रद्धालु -श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत अभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की -जिला स्कूल मैदान में श्रीकृष्ण के जन्म के समय पूजा-अर्चना, आरती के साथ जन्मोत्सव मनाया पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर शुक्रवार को जिले भर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। इस अवसर पर जिला स्कूल मैदान में इस्कॉन मंदिर की ओर से जन्माष्टमी को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भजन-कीर्तन और रॉक बैंड
भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान रॉक बैंड की प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भक्ति गीतों और रॉक बैंड की धुन पर कृष्ण भक्त जमकर झूमे और नृत्य किया। मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा शहर कृष्णमय नजर आया। इस्कॉन की ओर से आयोजित अभिषेक कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत अभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
विशेष पूजा-अर्चना और सुरक्षा व्यवस्था
बच्चों और युवाओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जिला स्कूल मैदान में रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। वहीं दूसरी ओर जीएमसीएच परिसर स्थित राधे-कृष्ण मंदिर को भी जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही थी। जिले के अन्य मंदिरों में भी सुबह से ही पूजा-पाठ, झांकी, संकीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन्माष्टमी को लेकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही श्रद्धालुओं ने शंख और घंटियों की ध्वनि के बीच जयकारे लगाए और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं。


