कस्तूरबा गांधी की जयंती पर छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति

Newswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

धमदाहा, एक संवाददाता। अनुमंडल मुख्यालय धमदाहा स्थित आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कस्तूरबा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।

कस्तूरबा गांधी की जयंती पर छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति

धमदाहा, एक संवाददाता।अनुमंडल मुख्यालय धमदाहा स्थित आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कस्तूरबा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में एसडीओ अनुपम ने छात्राओं एवं उपस्थित लोगों से कस्तूरबा गांधी के आदर्शों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका जीवन त्याग, संघर्ष और सेवा की मिसाल है, जिससे आज की पीढ़ी को सीख लेने की जरूरत है। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा स्वागत गान से की गई। इसके बाद छात्राओं ने सामूहिक नृत्य, आदिवासी पारंपरिक नृत्य तथा प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

साथ ही छात्राओं ने हस्तनिर्मित पेंटिंग प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। छात्राओं ने कस्तूरबा गांधी पर लेख प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सुनाया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी प्रेरणादायक हो गया। इस मौके पर मुख्य पार्षद रानी देवी, वार्ड पार्षद, प्रोजेक्ट उच्च माध्यमिक कन्या विद्यालय धमदाहा के प्रधानाध्यापक, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन विभा कुमारी सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।..................................विद्यालय में धूमधाम से कस्तूरबा गांधी जयंती मनाई जलालगढ़, एक संवाददाता।जलालगढ़ प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कस्तूरबा गांधी की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद वार्डेन दुर्गा रानी, शिक्षिका प्रतिमा कुमारी, शोभा कुमारी एवं सृष्टि कुमारी ने कस्तूरबा गांधी के जीवन, त्याग और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर छात्राओं ने भाषण, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का माहौल प्रेरणादायक और उत्सवपूर्ण बना रहा। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं में देशभक्ति, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को कस्तूरबा गांधी के जीवन से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छात्राओं में रिम्मी कुमारी, सोनी कुमारी, आलिया नाज सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। वहीं रसोइया के रूप में रीता देवी, शोभा देवी, अंजनी देवी एवं कैलाश जमादार भी कार्यक्रम में मौजूद थे।............................हरदा में कस्तूरबा गांधी की जयंती मनाई हरदा, एक संवाददाता।हरदा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में शनिवार को स्व. कस्तूरबा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिक्षकों और छात्रों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन और आदर्शों को याद किया। पीएसडी कॉलेज हरदा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने कस्तूरबा गांधी के व्यक्तित्व और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं पार्वती मंडल उच्च माध्यमिक विद्यालय हरदा में प्रधानाध्यापक शमीम अख्तर, पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक बिनोद कुमार, शिक्षक विवेक कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। मध्य विद्यालय उफरैल की राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापिका अर्चना ने कस्तूरबा गांधी के संघर्ष और त्याग को विद्यार्थियों के सामने रखा। मध्य विद्यालय बैगना में प्रधानाध्यापक दिनेश पासवान, पूर्णिमा, शंकर कुमार, चंदन कुमार, मनोज कुमार तथा प्रो. डॉ. अजय कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने भी उनके तेलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कस्तूरबा गांधी का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।