बुनियादी सुविधाओं से वंचित जलालगढ़ स्टेशन, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज
जलालगढ़, एक संवाददाता। जलालगढ़ रेलवे स्टेशन आज भी कई बुनियादी जरूरतों से जूझ रहा है। राजस्व के मामले में बेहतर स्थिति के बावजूद यहां एक्सप्रेस ट्रेन

जलालगढ़, एक संवाददाता।जलालगढ़ रेलवे स्टेशन आज भी कई बुनियादी जरूरतों से जूझ रहा है। राजस्व के मामले में बेहतर स्थिति के बावजूद यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, पंजाब, हरियाणा, बेंगलुरु और जयपुर जैसे शहरों के लिए बड़ी संख्या में यात्री जलालगढ़ से सफर करते हैं। लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण उन्हें अररिया, पूर्णिया या कटिहार जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इस संबंध में कई बार कटिहार मंडल रेलवे के डीआरएम को प्रतिवेदन सौंपा गया और स्थल जांच भी कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।
स्टेशन के पश्चिमी छोर पर ट्रेनों की क्रॉसिंग के दौरान यात्रियों को चढ़ने-उतरने में दिक्कत होती है। यहां एक अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। विशेषकर बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ...बोगियों की कमी से यात्री परेशान: यात्रियों का कहना है कि स्टेशन का यात्री शेड छोटा है। गर्मी और बरसात में शेड से बाहर खड़े यात्रियों को कठिनाई होती है। लोकल ट्रेनों में बोगियों की कमी के कारण भी चढ़ने-उतरने में अफरातफरी की स्थिति बनी रहती है। स्टेशन पर पैदल पुल नहीं होने से पूर्वी और पश्चिमी हिस्से के लोगों, खासकर स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करना पड़ता है। रेक पॉइंट होने के कारण मालगाड़ियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। स्टेशन मास्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि जलालगढ़ में पैदल पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कटिहार-जोगबनी सेक्शन में रेक लोडिंग-अनलोडिंग के मामले में पूर्णिया और बथनाहा के बाद जलालगढ़ का महत्वपूर्ण स्थान है। यहां कोयले की नियमित आपूर्ति होती है और मक्का भी देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता है, जिससे रेलवे को अच्छी आमदनी होती है। सलाहकार समिति के सदस्य विनोद मंडल और विजय सिंह ने कहा कि स्टेशन की समस्याओं को लेकर डीआरएम का ध्यान कई बार आकृष्ट कराया गया है लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और बुनियादी सुविधाओं के शीघ्र विस्तार की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



