24 लाख की फर्जी निकासी मामला: बैंक स्टेटमेंट हाथ लगते ही जांच तेज, हर ट्रांजेक्शन खंगाल रही पुलिस
फॉलोअप: रूपौली, एक संवाददाता। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया रूपौली शाखा में स्थित अंचल कार्यालय के सरकारी खाते से 24 लाख 27 हजार 840 रुपये की फर्जी निकासी

रूपौली, एक संवाददाता। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया रूपौली शाखा में स्थित अंचल कार्यालय के सरकारी खाते से 24 लाख 27 हजार 840 रुपये की फर्जी निकासी के मामले में अब जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। पुलिस को संबंधित खाते का विस्तृत बैंक स्टेटमेंट मिलते ही पूरे प्रकरण की परतें खुलने लगी हैं। रूपौली थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता अभय रंजन ने बताया कि खाता संख्या 2363875409 का स्टेटमेंट बैंक से प्राप्त हो गया है और एफआईआर में दर्ज समयावधि के सभी लेनदेन का बारीकी से अवलोकन किया जा रहा है। संदिग्ध ट्रांजेक्शन को चिन्हित कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि रूपौली अंचल कार्यालय में सामने आए इस बड़े वित्तीय घोटाले में तत्कालीन अंचल नाजीर सह निम्न वर्गीय लिपिक शिशिर कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। अंचलाधिकारी शिवानी सुरभी के आवेदन पर रूपौली थाना कांड संख्या 04/26 दर्ज किया गया है। आरोप है कि शिशिर कुमार ने अंचल अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी खाते से लाखों रुपये का गबन किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 1 अप्रैल 2023 से पहले सरकारी खाते में 46 लाख 7 हजार 999 रुपये शेष थे। एफआईआर में दर्ज अवधि 1 अप्रैल 2023 से 31 दिसंबर 2025 के बीच खाते में 50 लाख 67 हजार 609 रुपये की राशि क्रेडिट हुई। इस तरह कुल राशि 96 लाख 75 हजार 608 रुपये रही। वहीं इसी अवधि में खाते से 91 लाख 75 हजार 931 रुपये की निकासी दर्ज है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




