Purnia News: मीरगंज में वाहन जांच अभियान में चालकों से जुर्माने की वसूली
Purnia News: मीरगंज पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरसी मोड़ के पास एक सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 10 वाहन चालकों का चालान किया गया और 10,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम किया।

Purnia News: मीरगंज, एक संवाददाता। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मीरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को सरसी मोड़ के समीप मीरगंज-धमदाहा मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहन चालकों का चालान काटकर कुल 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रखने, वाहन के आवश्यक कागजात अधूरे होने तथा ट्रिपल लोडिंग करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की गयी। कुछ चालक कार्रवाई से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों की ओर मुड़ गए, जबकि कई लोग मौके पर ही अपने वाहन के कागजात तलाशते नजर आए।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


