निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में मिली खामियां, निर्देश जारी
पूर्णिया पूर्व प्रखंड में, डीएम अंशुल कुमार के निर्देश पर एडीएम और बीपीआरओ ने निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और समयसीमा की जांच की गई। अधिकारियों ने घटिया सामग्री के उपयोग पर आपत्ति जताई और संवेदकों को सुधार के निर्देश दिए।

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। डीएम अंशुल कुमार के निर्देश पर एडीएम (पीजीआरओ) जयचंद यादव एवं बीपीआरओ धर्मेंद्र सहनी शुक्रवार को पूर्णिया पूर्व प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, नक्शे की सटीकता और समय-सीमा की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान एडीएम जयचंद यादव एवं बीपीआरओ धर्मेंद्र सहनी ने पहले भोगा करियात पंचायत पहुंचे। वहां निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण में बालू, गिट्टी निम्न स्तर का मिला। इस दौरान कार्यस्थल पर संवेदक के कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था। साथ ही कार्यस्थल पर कार्य भी बंद था।
उसके बाद महराजपुर पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि बेसमेंट में काफी घटिया किस्म का लाल ईट लगायी जा रही थी जिसे तुरंत रोक लगाते हुए सीमेंट ईट लगाने को कहा। वीरपुर पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में भी बालू, गिट्टी एवं ईट निम्न स्तर का पाया। जिसे तुरंत सुधार कर लगाने का निर्देश दिया। उसके बाद हरदा पंचायत में चल रहे निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के टेढ़े मेड़े बीम के साथ कार्यस्थल पर सामग्री भी निम्न स्तर की मिली। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने संवेदक को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भवन के विभिन्न कक्षों, हॉल और परिसर का निर्माण स्वीकृत नक्शे और सरकारी मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। संवेदकों को हिदायत दी गई है कि वे मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाएं ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर भवनों का उद्घाटन किया जा सके। बीपीआरओ धर्मेंद्र सहनी ने बताया कि भवन निर्माण में ईंट, बालू और सीमेंट की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं होगा। .......................................... निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के कार्यों का किया निरीक्षण धमदाहा, एक संवाददाता। धमदाहा प्रखंड अंतर्गत किशनपुर बलुवा इटहरी एवं माली में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के कार्यों का भौतिक निरीक्षण जिला पदाधिकारी द्वारा गठित टीम ने किया। सहायक कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद पूर्णिया सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी धमदाहा अभय कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी पूर्णिया के निर्देश के आलोक में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के कार्य का जायजा लिया गया है। इस दौरान टीम में भूमि सुधार उपसमाहर्ता धमदाहा मोहित आनंद एवं सहायक अभियंता पीएचइडी अतुल अभिषेक शामिल थे। अधिकारियों की टीम ने सीमेंट, बालू, गिट्टी एवं ईट सहित दूसरी सामग्रियों का भी भौतिक निरीक्षण किया। भवन निर्माण विभाग द्वारा उपलब्ध सामग्री संतोषप्रद मिला। उन्होंने बताया कि माली एवं ईटहरी पंचायत का सरकार भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं किशनपुर बलुवा पंचायत का सरकार भवन बनकर तैयार हैं। किशनपुर बलुवा पंचायत को सरकार भवन सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




