Purnia News: गुरु गोष्ठी में शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक सुधार पर जोर
Purnia News: बड़हरा कोठी, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में अकादमिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के सुचारू संचालन तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार को

Purnia News: बड़हरा कोठी, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में अकादमिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के सुचारू संचालन तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार को लेकर मंगलवार को गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालयों में पठन-पाठन का माहौल बेहतर बनाने, छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने और विभागीय निर्देशों के प्रभावी अनुपालन को लेकर चर्चा की गई। गुरु गोष्ठी में धमदाहा के अनुमंडल पदाधिकारी, बड़हरा कोठी के प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधान शिक्षक शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रधान शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों में छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पठन-पाठन के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा विद्यालयों में समयबद्धता बनाए रखने, आवश्यक अभिलेखों का उचित रख-रखाव करने और विभागीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। गोष्ठी के दौरान प्रधान शिक्षकों ने विद्यालय संचालन में आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रधान शिक्षकों से विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाने के साथ पारदर्शी एवं व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

