मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंगेर से मुख्य संचालक गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

धमदाहा (पूर्णिया), एक संवाददाता। धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का कोलकाता, पटना एवं पूर्णिया एसटीएफ की संयुक्त

मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मुंगेर से मुख्य संचालक गिरफ्तार

धमदाहा (पूर्णिया), एक संवाददाता।धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का कोलकाता, पटना एवं पूर्णिया एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान 10 अर्धनिर्मित पिस्टल, दो लेथ मशीन एवं हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए गए। मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें फैक्ट्री का मुख्य संचालक भी शामिल है। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एसटीएफ टीम ने हरिपुर गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान एक टीन एवं टाट से बने घर के नीचे बने तहखाने में अवैध हथियार निर्माण इकाई का खुलासा हुआ। मौके से पांच बड़े और पांच छोटे आकार के अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद किए गए।

दो कारीगर और दो स्थानीय युवक गिरफ्तार:

-एसटीएफ के डीएसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर फैक्ट्री के मुख्य संचालक सूरज कुमार को मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सूरज कुमार ही फैक्ट्री संचालन का पूरा नेटवर्क संभाल रहा था। छापेमारी के दौरान मुंगेर जिले के दो हथियार कारीगर मो. आफताब एवं मो. अनवर को गिरफ्तार किया गया। वहीं हरिपुर गांव के दो भाई गब्बर मंडल और मिट्ठू कुमार को भी हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी मो. अनवर ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पूर्व में बांका जिले में मिनी गन फैक्ट्री मामले में भी एसटीएफ के हत्थे चढ़ चुका है।

पत्तल मशीन की आड़ में बन रहे थे हथियार:

-लोगों को शक न हो, इसके लिए घर के बाहर पत्तल और डोंगा बनाने की मशीन लगाई गई थी। जब तहखाने में लेथ मशीन से हथियार तैयार किए जाते थे, उसी समय बाहर पत्तल मशीन भी चलाई जाती थी, ताकि आवाज दब जाए। पूछताछ में पता चला कि पिछले छह माह से हरिपुर गांव में गुप्त रूप से पिस्तौल निर्माण का काम चल रहा था। आरोपी मिट्ठू कुमार ने बताया कि मुंगेर के सूरज कुमार ने ही फैक्ट्री लगाने के लिए नकद राशि दी थी और लेथ मशीन समेत अन्य उपकरण ट्रैक्टर से हरिपुर लाए थे। घटना की सूचना मिलने पर संदीप गोल्डी एवं रविशंकर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बरामद सामानों को जब्त किया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

बोले अधिकारी:

-एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि बरामद हथियारों एवं अन्य सामानों की सूची तैयार की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

हरिपुर गांव में कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया?
अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।