ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पूर्णियाहाई टेंशन तार ने युवक को झुलसाया, अस्पताल में भर्ती

हाई टेंशन तार ने युवक को झुलसाया, अस्पताल में भर्ती

हाई टेंशन तार ने युवक को झुलसाया अस्पताल में

हाई टेंशन तार ने युवक को झुलसाया, अस्पताल में भर्ती
हिन्दुस्तान टीम,पूर्णियाWed, 10 Oct 2018 12:41 AM
ऐप पर पढ़ें

छत पर प्लास्टर करने के दौरान राजमिस्त्री सेनाबुल आलम हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया। इसके कारण उसके पूरे बदन में आग लग गई। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत खतरे से बाहर है। वह माधोपाड़ा वार्ड नंबर 28 के स्टार कॉलोनी निवासी है। वह सबी अहमद के घर में प्लास्टर कर रहा था। इस हादसे में पड़ोसी रासिद इकबाल के घर में भी लगे बिजली मीटर में जोरदार धमाका हुआ और उनके घर का सारा तार जल गया। इसके अलावा उनके घर का पंखा, टीवी और फ्रिज भी जल गया। यह घटना स्टार कॉलोनी, जो खलीकुन निसा सज्जाद हाई स्कूल के ठीक सामने बसा है, में एक नए बन रहे घर की छत पर प्लास्टर करने के दौरान घटी। घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लास्टर करते वक्त उसका पहटा तार से सट गया। हाई टेंशन उस निर्माणाधीन मकान की छत से करीब नौ फिट ऊपर से गुजर रहा है। पहटा के तार में सटते ही जोर का धमाका हुआ। इस धमाके के साथ ही मिस्त्री के पूरे बदन में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शी परमानंद मंडल ने बताया कि वो नीचे काम कर रहे थे। जैसे ही धमाका हुआ और मिस्त्री के चिल्लाने की आवाज आई वो ऊपर गए तो देखा की मिस्त्री के बदन का सारा कपड़ा जल गया था और उसके बदन में आग लग गई थी। उसके बाद किसी तरह बालू डाल कर आग को बुझाया और मकान मालिक सबी अहमद को फोन सूचना दिया। बाद में रिक्शा पर लाद कर उसे लाइन बाजार के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।इस हादसे ने उठाए कई सवाल :स्टार कॉलोनी का हादसा कई सवालों को जन्म देता है। उस कॉलोनी के ऊपर से हाई टेंशन तार गुजर रहा है। कुछ घर तो ऐसे बन रहे हैं जिसके छत से हाथ उठा कर तार को छुआ जा सकता है। सबी अहमद के घर के ठीक सामने आरिफ इकबाल के घर के ऊपर करीब नौ मीटर दूर से तार गुजर रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या लोगों को पता नहीं है कि हाई टेंशन के नीचे घर बनाया नहीं जाना चाहिए? क्या नगर निगम को मालूम है कि उसके इलाके में कहां और कैसे निर्माण हो रहा है? क्या निगम आंख बंद कर नक्शा पास कर रही है? कहीं ऐसा तो नहीं कि बिना नक्शा पास कराए ही निर्माण कराया जा रहा है और निगम के लोग अपनी जिम्मेदारी को भूल किसी और काम में व्यस्त हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें