Purnia News: 32 मिमी वर्षा दर्ज, कई दिनों तक बारिश का अलर्ट
Purnia News: पूर्णिया में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि, जलजमाव ने स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से किसानों को फ़सल के लिए राहत मिली, जबकि गंदे पानी से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हुई बारिश से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करती रही। शाम करीब चार बजे हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम के बदलते मिजाज के कारण दिनभर कभी धूप, कभी बादल और कभी रिमझिम फुहार का दौर चलता रहा। इस बीच हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जलजमाव ने मुश्किलें बढ़ा दीं। बुधवार को जिले में कुल 32 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के कई गली-मोहल्लों में जलजमाव हो गया। कई जगहों पर नाला व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। खासकर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के डॉलर हाउस चौक, श्रीनगर हाता, प्रभात कॉलोनी, हनुमान नगर, जनता चौक, प्रोफेसर कॉलोनी, पॉलीटेक्निक चौक, महराजी हाता, साहवान हाता, भट्टा बाजार, लाइन बाजार, मंझेली चौक, अरगड़ा चौक, रामबाग, मधुबनी बाजार, खुशकीबाग और गुलाबबाग समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी रही। बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम की टीम विभिन्न इलाकों में मशीन लगाकर पानी निकासी के कार्य में जुटी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई मोहल्लों में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
जलजमाव से बढ़ी बीमारी की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदे पानी के जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का जोखिम भी बढ़ जाता है। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान की रोपनी कर चुके किसानों को फसलों के लिए पर्याप्त नमी मिल गई है। जिन खेतों में रोपनी का कार्य बाकी था, वहां किसानों ने तेजी से धान रोपने का काम शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश धान की फसल के लिए काफी लाभदायक साबित होगी.
अगले कई दिनों तक बारिश की संभावना:
मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 23, 24, 26 और 27 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 25 और 28 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।


