Purnia News: बरसात में बढ़ा संक्रामक बीमारियों का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने किया सतर्क

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News: मीरगंज में इस वर्ष बारिश और उमस के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एपीएचसी चिकनी द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें डायरिया, मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

Purnia News: बरसात में बढ़ा संक्रामक बीमारियों का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने किया सतर्क

Purnia News: मीरगंज, एक संवाददाता भीषण गर्मी के बाद शुरू हुई बारिश और बढ़ी उमस के बीच जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एपीएचसी चिकनी सहित गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। एपीएचसी, चिकनी में कार्यरत डॉ एस.पी. सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण डायरिया, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और वायरल बुखार जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को केवल स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, ताजा भोजन करने, खाने-पीने की वस्तुओं को ढककर रखने तथा घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

साथ ही जलजमाव नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की भी अपील की गई है। उन्होंने बताया कि एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी गांव-गांव जाकर लोगों को बीमारियों के लक्षण, बचाव के तरीके और समय पर इलाज के महत्व की जानकारी दे रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। एस.पी. सिंह ने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, दस्त, उल्टी, शरीर में दर्द या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।