Purnia News: सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

Purnia News: पूर्णिया और अन्य क्षेत्रों में सरकार द्वारा संचालित सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका त्वरित समाधान किया गया। विधायक और अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी आवेदनों का समय पर निष्पादन होगा। 185 में से 78 आवेदन मौके पर ही हल किए गए, एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित 154 आवेदन भी प्राप्त हुए।

Purnia News: सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

Purnia News: पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। भोगा करियात पंचायत भवन में मंगलवार को सरकार द्वारा संचालित सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों से संबंधित आवेदन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखे। शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना था। शिविर में सदर विधायक विजय खेमका, बीडीओ किशोर कुणाल, पंचायत के मुखिया हबीब, पंचायत समिति सदस्य अर्जुन कुमार मंडल सहित दर्जनों प्रखंड एवं पंचायत कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभाग के कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुडी कुल 154 दिए। मौके पर ही संबंधित कर्मियों द्वारा आवेदन एवं दस्तावेजों की जांच करते हुए 88 आवेदन का निष्पादन कर दिया। सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे सहयोग शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने की बात कही। बीडीओ किशोर कुणाल ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर एवं संबंधित कार्यालय में आवेदन करने की अपील की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही.

........................................

185 आवेदनों में 78 का शिविर में ही हुआ निष्पादन

बड़हरा कोठी, एक संवाददाता।

प्रखंड की ग्राम पंचायत सुखसेना पूर्व स्थित पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, उप विकास आयुक्त राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार, अंचलाधिकारी मोहन कुमार शर्मा और पंचायत की मुखिया सरिता झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सहयोग शिविर में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शाम तक शिविर में लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने भूमि संबंधी विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। शिविर में लगाए गए विभागवार काउंटरों पर अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी एवं निर्देश दिए। शिविर में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की संख्या अधिक रही। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि सहयोग शिविर से आम लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। बीडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि पंचायतस्तरीय सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटरों पर कुल 185 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 78 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन वितरण प्रणाली, बिजली और भूमि विवाद से संबंधित आवेदन अधिक प्राप्त हुए। मुखिया सरिता झा ने कहा कि पंचायत के लोगों की सबसे बड़ी समस्या भूमि से संबंधित है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को सहयोग शिविर के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। प्रत्येक आवेदन का निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के अंदर निष्पादन किए जाने का प्रावधान है.

................................

प्रखंड के दो पंचायत के सहयोग शिविर में 19 आवेदन का निष्पादन

धमदाहा, एक संवाददाता।

धमदाहा प्रखंड के दो पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में 19 आवेदन का निष्पादन किया गया। प्रखंड के किशनपुर बलुआ पंचायत में प्राप्त 98 में से 6 आवेदन का निष्पादन किया गया जबकि कुकरौन पूर्व पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त 90 में से 13 आवेदन का निष्पादन हुआ। इस संबंध में सहयोग शिविर के नोडल सह अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने बताया कि लंबित पड़े आवेदन को भी संबंधित विभाग से ससमय नष्पादित करने का निर्देश दिया गया है। धमदाहा में आयोजित सहयोग शिविर में चल रहे कार्यों का जायजा बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने ली। किशनपुर बलवा पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में आम लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर आम लोगों के काम को सीधे तरीके से कराने के लिए सरकार द्वारा कि महात्वाकांक्षी योजना है जिसके तहत समाज की सबसे पिछली कतार में खड़े लोगों का कार्य भी उनके घर पर निष्पादित किया जा रहा है। सहयोग शिविर में आए हर एक आवेदन पर विभाग के कर्मी से लेकर अधिकारी पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य का निष्पादित करें ताकि लोगों को प्रखंड या जिला का दौड़ लगाना नहीं पड़े। ऐसे मामले में ढिलाई बरतने वाले कर्मी पर सरकार सरकार सख्त है। लगातार आयोजित सहयोग शिविर से क्षेत्र के लोगों का वर्षों से लंबित कार्यों का भी निष्पादन हो रहा है जो इस सहयोग शिविर के बेहतर होने का संकेत हैं.

..................................

सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान पर जोर

केनगर, एक संवाददाता।

केनगर प्रखंड की जगनी पंचायत के सौराहा गांव स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर और काझा पंचायत भवन परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह, एसडीएम, प्रखंड प्रमुख सरिता सरोज, जगनी पंचायत के मुखिया मंगल ऋषि और काझा पंचायत के मुखिया राजेश कुमार साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बीडीओ मनीष कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को आम लोगों के द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जिला और प्रखंड प्रशासन की ओर से पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसेवा को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। संबोधन के बाद मंत्री ने शिविर में लगाए गए 15 काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री और अधिकारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान काझा पंचायत के मुखिया राजेश कुमार साह, जगनी पंचायत के मुखिया मंगल ऋषि, नीरज कुमार मेहता, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुबोध मेहता, मंटू कुशवाहा, जदयू पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार मंडल, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र वर्मा और आदर्श कुमार उर्फ गोलू सहित अन्य लोगों ने मंत्री लेसी सिंह और एसडीएम को बुके, अंगवस्त्र, पौधे और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सभा का संचालन पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील मेहता और कन्या मध्य विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका सुचित्रा कुमारी ने किया। मौके पर सीडीपीओ अमृता वर्मा, चंपानगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार दास, राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह, बीईओ मुकेश कुमार वर्मा, एलईओ अमित कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

सामान्य प्रश्न

✦सहयोग शिविर का आयोजन कब किया गया था?−
सहयोग शिविर का आयोजन मंगलवार को भोगा करियात पंचायत भवन में किया गया था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsपूर्णियाPurnia News: सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान