Purnia News: बापू ने स्वच्छता को केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रखा, इसे सेवा-संस्कार और जिम्मेदारी से जोड़ा : मेयर
Purnia News: --02purn17-महापौर एवं नगर आयुक्त ने स्वच्छता अभियान चलाया। पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्य सरका

Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को सिटी काली मंदिर परिसर, घाट एवं नदी किनारे मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, वार्ड पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मी एवं स्वच्छता कर्मी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सहभागिता करते हुए मंदिर परिसर, घाट एवं नदी किनारे साफ-सफाई की। इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सेवा, संस्कार और जिम्मेदारी से जोड़ा था।
उनके विचारों से प्रेरणा लेकर हमें स्वच्छता को अपने व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया नगर निगम का संकल्प स्वच्छ पूर्णिया, स्वस्थ पूर्णिया और समृद्ध पूर्णिया है और इस संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निगम लगातार प्रयासरत है। हालांकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य केवल नगर निगम के प्रयास से संभव नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। वहीं नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गांधी जयंती के अवसर पर सिटी काली मंदिर घाट पर आयोजित मेगा स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने स्तर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना स्थायी स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, गीला एवं सूखा कचरा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दें और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।

