पांच वर्षीय बालक की हत्या मामले में विशेष टीम गठित

Newswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

फॉलोअप: बायसी, एक संवाददाता। डगरूआ थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत स्थित चतरा गांव में पांच वर्षीय बालक का शव मिलने के मामले की गंभीरता को देखते हुए ज

पांच वर्षीय बालक की हत्या मामले में विशेष टीम गठित

बायसी, एक संवाददाता।डगरूआ थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत स्थित चतरा गांव में पांच वर्षीय बालक का शव मिलने के मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर एडिशनल एसपी जितेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है जो हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। इधर मामले की जांच में जुटीं प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या कुमारी घटना से जुड़े हर पहलू को जोड़कर जांच कर रही हैं। ज्ञात हो कि मंगलवार को चतरा गांव निवासी पांच वर्षीय मो. साकिब उर्फ आहिल का शव नहर के समीप बरामद किया गया था। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

मृतक के पिता ने बताया कि वह पूर्णिया में एक होटल में कारीगर का काम करते हैं और गांव में उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि चार दिन पूर्व उनके बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव नहर किनारे फेंक दिया गया जिससे पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पांच वर्ष के मासूम ने किसी का क्या बिगाड़ा था‌? परिजनों का कहना है कि सोमवार को पुलिस ने गांव में सघन जांच-पड़ताल की थी। इसके बाद सोमवार रात शव नहर के समीप फेंका गया, जिससे उन्हें आशंका है कि घटना में गांव के ही किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है।...गांव में दहशत का माहौल:घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। वहीं कई ग्रामीणों ने पानी में डूबने से मौत की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि यदि बालक की मौत पानी में डूबने से हुई होती तो 24 से 48 घंटे के भीतर शव पानी में बहने लगता। लेकिन बालक के गायब होने के चौथे दिन शव नहर के समीप मिला जबकि एक दिन पूर्व उसी स्थान पर प्रशासन एवं ग्रामीण खोजबीन कर चुके थे। इस संबंध में डगरूआ थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस कप्तान के निर्देश पर एडिशनल एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।