अग्निपीड़ित व्यवसायी से मिले सांसद पप्पू यादव, दी आर्थिक सहायता
केनगर, एक संवाददाता। चम्पानगर बाजार स्थित चौधरी हार्डवेयर दुकान में 2 जून की देर रात लगी आग से हुए भारी नुकसान के बाद सोमवार रात पूर्णिया राजेश रंज

केनगर, एक संवाददाता। चम्पानगर बाजार स्थित चौधरी हार्डवेयर दुकान में 2 जून की देर रात लगी आग से हुए भारी नुकसान के बाद सोमवार रात पूर्णिया राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित व्यवसायी के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सांसद ने सबसे पहले अग्निपीड़ित व्यवसायी विशाल चौधरी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और तत्काल राहत के रूप में एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। चम्पानगर बाजार के मुकेश चौधरी एवं विशाल चौधरी की हार्डवेयर दुकान में बीते दिनों भीषण आग लग गई थी।
इस अग्निकांड में दुकान में रखे हार्डवेयर सामान, मोटर, रंग बनाने की मशीन, चापाकल, समरसेबल पंप सहित करीब 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटों ने सिर्फ एक दुकान को नहीं, बल्कि दो भाइयों की वर्षों की मेहनत और परिवार की उम्मीदों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। दोनों भाइयों ने दिल्ली में वर्षों मेहनत कर अपनी कमाई से चम्पानगर में यह प्रतिष्ठान खड़ा किया था। यह दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थी। एक ही रात में सब कुछ खत्म होने के बाद परिवार गहरे सदमे में था। सांसद ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में किसी परिवार के साथ खड़ा होना इंसानियत और जिम्मेदारी है। उन्होंने अपनी ओर से तत्काल एक लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह मदद केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि परिवार को फिर से खड़ा होने का भरोसा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी विपत्ति अपने परिवार पर आती तो जिस तरह साथ खड़े होते, उसी भावना से चौधरी परिवार के साथ हैं। इसके साथ ही सांसद पप्पू यादव ने यूको बैंक के जोनल मैनेजर और चम्पानगर शाखा प्रबंधक से बातचीत कर दुकान पर लिए गए ऋण में राहत देने का आग्रह किया ताकि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में सहायता मिल सके। मौके पर चंपानगर पंचायत अध्यक्ष निर्भय सिंह, पूर्व मुखिया विजय प्रकाश, ब्रह्मदेव मेहता,सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, मुन्ना यादव, संजय यादव, राजेश पाठक, विष्णु चौधरी, घनश्याम चौधरी, रमेश साह, पप्पू मंडल, गांधी मंडल, करण यादव, संगम यादव आदि लोग मौजूद थे।


