दिनभर खिली धूप से किसानों ने ली राहत, मक्का कटाई और सुखाने में जुटे लोग
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया जिले में रविवार को दिनभर धूप खिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता।पूर्णिया जिले में रविवार को दिनभर धूप खिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और बादलों के कारण मक्का किसानों की चिंता बढ़ गई थी, लेकिन रविवार को मौसम खुलने के बाद किसान तेजी से मक्का कटाई, तैयारी और सुखाने के काम में जुट गए।
किसानों की मेहनत
रविवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम सुहावना तो हो गया, लेकिन मक्का फसल को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ गई। खेतों में नमी और लगातार बारिश के कारण मक्का सुखाने में दिक्कत हो रही थी। सुबह करीब नौ बजे के बाद तेज धूप निकलने पर किसानों ने राहत महसूस की। धूप खिलते ही ग्रामीण क्षेत्रों में किसान मक्का काटने, दाने निकालने और उसे सुखाने में लग गए। कई जगहों पर खेतों और आंगनों में मक्का सुखाते लोग दिखाई दिए।
मौसम का प्रभाव
दोपहर में तेज धूप और उमस के कारण आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार और सड़कों पर भी दोपहर के समय गर्मी का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार 10, 11, 14 और 15 मई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 और 13 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन दिनों तेज हवा, मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 16 मई से मौसम साफ रहने की संभावना है। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


