
भवानीपुर में खाद और बीज में लूट जारी, डीएपी-यूरिया तय दर से महंगे
भवानीपुर बाजार में उर्वरक विक्रेताओं द्वारा किसानों से मनमानी कीमत पर डीएपी और यूरिया बेचा जा रहा है। किसान इस बात से नाराज हैं कि सरकारी नियमों की अनदेखी की जा रही है और उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। कृषि विभाग को बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर बाजार में उर्वरक विक्रेताओं की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। सरकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए किसानों से डीएपी और यूरिया की खुलेआम लूट की जा रही है। बाजार में डीएपी 1700 से 1750 रुपये प्रति बोरी तो यूरिया 350 से 400 रुपये तक बेचा जा रहा है, जबकि निर्धारित दर इससे काफी कम है। किसानों का आरोप है कि केवल उर्वरक ही नहीं, बल्कि सरकारी अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने वाले बीजों की भी मनमानी कीमत वसूली जा रही है। इस संबंध में कृषि विभाग के कर्मियों को बार-बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
धमदाहा अनुमंडल की प्रमुख आर्थिक मंडी में शामिल भवानीपुर बाजार में मक्का की बुआई से लेकर फसल में मिट्टी चढ़ाने तक का समय चल रहा है। ऐसे में खाद की बढ़ी हुई कीमतों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में काम प्रभावित हो रहा है और खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों का यह भी कहना है कि खुदरा विक्रेताओं के साथ-साथ होलसेलर भी उर्वरक और बीज की जमकर कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे बाजार में खाद के दाम आसमान छू रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। ......बोले अधिकारी: बहुत जल्द भवानीपुर बाजार में जांच का काम किया जायेगा। जांच में दोषी पाए जानेवाले दुकानदारो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उनके प्रतिष्ठानों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। -अवधेश कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, धमदाहा ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




