चिंता: ट्रांसफार्मर नहीं रहने से सिंचाई प्रभावित

Feb 28, 2026 01:03 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

जलालगढ़ प्रखंड की चक पंचायत में तीन ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों को सिंचाई में गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेतों में पानी नहीं मिल रहा है, जिससे फसल को नुकसान हो सकता है। किसान डीजल पंप से सिंचाई कर रहे हैं, जिससे उनकी लागत बढ़ रही है।

चिंता: ट्रांसफार्मर नहीं रहने से सिंचाई प्रभावित

जलालगढ़, एक संवाददाता। जलालगढ़ प्रखंड की चक पंचायत के वार्ड संख्या 4 एवं 5 में तीन स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों को सिंचाई की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रबी सीजन में खासकर मकई की फसल के लिए नियमित पानी जरूरी है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने से खेतों में पटवन ठप पड़ा है। स्थानीय किसानों महेश महतो, उमेश महतो, गुलटेन महतो, बबलू महतो, चेतनारायण महतो, जनकलाल सिंह एवं अवधेश सिंह ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व बिलरिया बांध, कुआं बहियार तथा वार्ड 4 के चक नहर के पास लगे 25 केवीए के तीन ट्रांसफार्मरों से तेल और कॉइल की चोरी हो गई थी।

घटना के बाद से अब तक न तो ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराई गई और न ही नए ट्रांसफार्मर लगाए गए। किसानों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मौजूदा समय में मकई की फसल की सिंचाई अत्यंत आवश्यक है। बिजली नहीं रहने से फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण किसान डीजल पंप के सहारे सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे खेती की लागत में काफी वृद्धि हो रही है। डीजल की बढ़ती कीमतों से छोटे और मध्यम किसानों की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से अविलंब ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि समय पर सिंचाई हो सके और फसल बचाई जा सके। इस संबंध में बिजली विभाग के कनीय अभियंता अमित शुक्ला ने बताया कि विभाग मामले से अवगत है। किसानों की समस्या को प्राथमिकता दी गई है और एक सप्ताह के भीतर नए ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।