
कटिहार-जोगबनी रेल खंड के दोहरीकरण, एयरपोर्ट के लिए स्थायी टर्मिनल बिल्डिंग
-सीमांचल को बजट से उम्मीदें : पूर्णिया, वरीय संवाददाता। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं। केंद्रीय बजट से सीम
पूर्णिया, वरीय संवाददाता। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं। केंद्रीय बजट से सीमांचल के लोगों को काफी आस है। खासकर कनेक्टिविटी के मामले में सीमांचल के लोगों को बेहतरी की उम्मीद है। पूर्णिया एयरपोर्ट के उदघाटन के बाद अब यहां स्थायी टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण आवश्यक है। इसके लिए टेंडर प्रक्रियाधीन है। बजट में राशि स्वीकृत होने के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट को अपग्रेड करने के कार्यों में तेजी आ सकती है। आम बजट में पूर्णिया एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण के लिए बजट में राशि की उम्मीद यहां के लोग लगाये बैठे हैं। इसी तरह कटिहार-जोगबनी रेल खंड के दोहरीकरण की भी आस है।
इस साल बजट में इसके लिए राशि का प्रावधान लगभग निश्चित है। इसी तरह बिहारीगंज-कुर्सेला रेल लाइन का काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। बजट में इस नये रेल खंड के बनने की उम्मीद भी लोग लगाये बैठे हैं। बता दें कि बिहारीगंज-कुर्सेला रेल खंड का मामला दो दशकों से कागजों में दौड़ रहा है। उदघाटन के बावजूद अभी तक इस रेल खंड का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आम बजट में सीमांचल में उद्योग धंधे स्थापित होने की आस लोगों को है। खासकर पूर्णिया के बनमनखी में चुनावी सभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि पाकिस्तान को जवाब देने वाले गोले के कारखाने यहां लगेंगे। लोगों को उम्मीद है कि यहां गोले बनाने के कारखाने खुल सकते हैं। इसके अलावा पटना-पूर्णिया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के कार्यों में भी तेजी आने की संभावना है। केंद्र सरकार से लोगों को काफी उम्मीद हैं। बिहार में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद लोगों की अपेक्षाएं और बढ़ गयी है। इसलिए केंद्र सरकार भी जनता की उम्मीद को पूरा करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




