होली को लेकर बाजार सहित ग्रामीण इलाकों में चहल-पहल तेज
मीरगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होली पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और रंग-गुलाल, पिचकारी, मिठाई की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। युवा टोली होलिका दहन की तैयारी में जुटी है। प्रशासन ने शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।

मीरगंज, एक संवाददाता। रंगों के पर्व होली को लेकर मीरगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह चरम पर है। होली पर्व को लेकर, बाजारों में रौनक बढ़ गई है और गांवों की गलियों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह है। दुकानों पर रंग-गुलाल, पिचकारी, अबीर, और तरह-तरह की सजावटी सामग्री की बिक्री तेज हो गई है। मीरगंज मुख्य बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। मिठाई की दुकानों पर गुझिया, ठेकुआ, मालपुआ और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की तैयारी जोरों पर है। कपड़ा दुकानों में भी नए परिधानों की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।
बच्चों में रंग-बिरंगी पिचकारियों और आकर्षक मास्क को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली की तैयारियां पूरे जोश के साथ चल रही हैं। गांव की चौपालों पर फगुआ गीतों की धुन सुनाई देने लगी है। युवा टोली होलिका दहन की तैयारी में जुटी है और परंपरागत ढंग से लकड़ियां इकट्ठा की जा रही हैं। बुजुर्गों का कहना है कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है। प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सक्रिय है। बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है और पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। होली की आहट ने पूरे क्षेत्र में उमंग और उल्लास का माहौल बना दिया है। रंगों के इस महापर्व को लेकर हर वर्ग के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



