
बकायेदारों पर बिजली विभाग की होगी कार्रवाई
-बिजली ग्राहकों के पास पुराना बकाया है 79 करोड़ पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में विद्युत विभाग ने इस माह सख्त तेवर अपनाते हुए बकायेदार उपभोक
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में विद्युत विभाग ने इस माह सख्त तेवर अपनाते हुए बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर विभागीय तैयारी पूरी कर ली गई है। बिजली विभाग के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्र में 2,000 रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में लगभग 700 बकायेदार चिन्हित किए गए हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई होगी। सूत्रों के अनुसार विभाग ने विद्युत चोरी पर भी पैनी नजर रखी है। हर सेक्शन में 10-10 प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।
जिले के कुल 24 सेक्शन में विशेष टीम गठित की गई है जो अभियान को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करेगी। इधर, विद्युत कार्यपालक अभियंता बीपी बागीश ने बताया कि पूर्णिया जिले के पश्चिमी जोन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। 36040 घरेलू उपभोक्ताओं के यहां 2,000 रुपये से अधिक बकाया, जिसकी कुल राशि करीब 33 करोड़ रुपये है। वहीं कुटीर ज्योति योजना के 34512 उपभोक्ता भी 2,000 रुपये से अधिक बकाया लिए बैठे हैं, इन पर 31 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। दोनों श्रेणियों को मिलाकर लगभग 75,000 उपभोक्ताओं के यहां कुल 79 करोड़ रुपये का बकाया दर्ज है। सभी उपभोक्ताओं को नोटिस भेजी जा रही है, तथा बिजली डिस्कनेक्शन का लक्ष्य सभी जूनियर इंजीनियर को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि बकाया राशि की वसूली निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित हो। कनेक्शन काटे जाने के बाद भी यदि उपभोक्ता राशि जमा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। विभागीय अधिकारियों की मानें तो अभियान का उद्देश्य न सिर्फ बकाया वसूलना है, बल्कि उपभोक्ताओं में अनुशासन और भुगतान की आदत विकसित करना भी है। वहीं बिजली चोरी रोकने को लेकर टीमों को स्पष्ट निर्देश हैं कि जहां भी अनियमितता मिले, तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए। बिजली विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में खलबली मच गई है। अधीक्षण अभियंता बी एन रजक का कहना है कि उपभोक्ताओं को समय पर बिल भुगतान करने की आदत डालनी होगी अन्यथा कठोर कदम उठाए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




