भाईचारे और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुआ बकरीद

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

जानकीनगर, एक संवाददाता। जानकीनगर थाना क्षेत्र में बकरीद शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न सं

भाईचारे और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुआ बकरीद

जानकीनगर, एक संवाददाता। जानकीनगर थाना क्षेत्र में बकरीद शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। थाना क्षेत्र के रामनगर, मधुबन, मिर्चाईबाड़ी, जानकीनगर, विनोबा ग्राम, तेत्रराही, रूपौली दक्षिण सहित करीब दर्जनभर स्थानों के ईदगाहों एवं मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का परिचय देते हुए भाईचारे का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करता नजर आया। जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेते रहे.

धूमधाम से मना ईद-उल-अजहा पर्व

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता।

प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के प्रखंड के महेंद्रपुर, महराजपुर, वीरपुर, रानीपतरा, मंझेली, मटिया, फसिया, आगाटोला, पोखरिया समेत विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में नमाज अदा की गई। शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरे क्षेत्र में बकरीद पर्व संपन्न हो गया। लोगों ने पूरी अकीदत के साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर मुल्क एवं अवाम की सलामती की दुआ मांगी तथा खुदा की राह में कुर्बानी देने की इजाजत तलब की। सरकारी निर्देशों के अनुरूप सभी ईदगाहों एवं मस्जिदों में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग नए परिधानों में सज-धज कर नमाज अदा करने पहुंचे।प्रशासनिक सतर्कता के कारण इस बार मेले जैसा माहौल अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। बीडीओ किशोर कुणाल एवं मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम दलबल के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते नजर आए। पूरे प्रखंड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही.

बकरीद पर मांगी अमन-चैन और भाईचारे की दुआ

बैसा-अमौर, एक संवाददाता।

बैसा एवं अमौर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन, तरक्की तथा भाईचारे की दुआ मांगी। बैसा प्रखंड के रौटा जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों एवं ईदगाहों में सुबह साढ़े सात बजे नमाज अदा की गई। नमाज से पूर्व तकरीर करते हुए इमामों एवं मौलानाओं ने कहा कि बकरीद का पर्व त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म किसी भी ऐसे कार्य की इजाजत नहीं देता जो मानवता के खिलाफ हो। लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। मौलानाओं ने कहा कि बकरीद खुदा के सामने अपनी इच्छाओं और अभिलाषाओं की कुर्बानी देने का प्रतीक है। वहीं अमौर प्रखंड क्षेत्र के डहुआबाड़ी, नाहरा, सिवाटोली, कटहलबाड़ी, रंगामाटी, तालबाड़ी, अमौर, पहाड़िया, भरगामा, आमगाछी, रंगरैया लालटोली, हलालपुर सहित दर्जनों ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। पूरे क्षेत्र में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

सामान्य प्रश्न

✦बकरीद किस प्रकार मनाया गया?−
जानकीनगर थाना क्षेत्र में बकरीद शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsPurnia Newsभाईचारे और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुआ बकरीद