डीएम ने की गेहूं की कटाई, उत्पादन का किया अकालन
पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार ने खुद गेहूं की कटाई की और किसानों से आधुनिक खेती के तरीकों पर चर्चा की। यह कार्यक्रम रजीगंज पंचायत के लोखड़ा गांव में हुआ, जहाँ क्रॉप कटिंग के जरिए उत्पादन का आकलन किया गया। किसानों को मखाना उत्पादन के बारे में भी निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिले।

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। जब डीएम साहब ने खुद हाथ हसुआ लेकर गेहूं की कटाई शुरू कर दी तो मौजूद मजदूर और अधिकारी भौचक रह गये। मामला पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के रजीगंज पंचायत के रानीपतरा मौजा के लोखड़ा गांव के समीप गेहूं क्रॉप कटिंग से है। इसी दौरान पूर्णिया डीएम अंशुल कुमार कृषि पदाधिकारियो के साथ लोखड़ा स्थित ग्यासउद्दीन के खेत पर पहुंचे थे। जहां डीएम अंशुल कुमार ने खुद हसुआ लेकर मजदूर के गेहूं कटाई की। जिले में कृषि गतिविधियों की निगरानी और उत्पादन के सटीक आकलन को लेकर क्रॉप कटिंग की गयी। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी हरिहर प्रसाद चौरसिया, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अजित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक पंजियार, कृषि समन्वयक श्याम कुमार, किसान सलाहकार संजीव कुमार, संजीव कुमार सिंह, पौरस कुमार सिंह, रविंद्र कुमार गुप्ता सहित कई अधिकारी एवं कृषि कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक तरीके से क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया अपनाई गई। किसान सलाहकार संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 गुणा 5 मीटर के प्लॉट में गेहूं की कटाई की गई, जिसमें कुल 12.5 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। इस आधार पर गणना करने पर प्रति हेक्टेयर लगभग 25 क्विंटल गेहूं उत्पादन का आकलन किया गया। यह उत्पादन क्षेत्र के किसानों के लिए उत्साहजनक माना जा रहा है। डीएम अंशुल कुमार ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर खेती के आधुनिक तरीकों, बीज की गुणवत्ता और उर्वरक उपयोग के बारे में जानकारी ली। क्रॉप कटिंग कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने बीरपुर चौक पर लगे मखाना की खेती का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद किसानों से मखाना उत्पादन की प्रक्रिया, लागत और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मखाना किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस फसल का विस्तार हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


