Purnia News: दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का हुआ वितरण

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News: बनमनखी के बुनियादी केंद्र में दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल, चार्जर, हेलमेट आदि का वितरण किया गया। विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज से जोड़ने के लिए निरंतर कार्यरत है। 400 रुपये की पेंशन बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है, जिससे लाभ होगा।

Purnia News: दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का हुआ वितरण

Purnia News: बनमनखी, संवाद सूत्र। बुनियादी केंद्र बनमनखी में शुक्रवार को दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल, चार्जर, बैसाखी, हेलमेट एवं अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इस दौरान नौ दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में विधायक कृष्ण कुमार ऋषि एवं अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने लाभुकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और स्वावलंबी जीवन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बिहार एक नया अध्याय लिख रहा है। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी है, जिससे लाखों जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई पेंशन राशि से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी राहत मिलेगी। विधायक ने बताया कि बुनियादी केंद्र में 6 अप्रैल से 6 मई तक आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में शून्य से लेकर बुजुर्ग आयु वर्ग तक के लोगों की आंखों की जांच की गई थी। इस दौरान बनमनखी प्रखंड के 1005 लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बनमनखी प्रखंड के 3247 दिव्यांगजन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत डीबीटी के माध्यम से लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी सुजीत सुमन, अंचलाधिकारी प्रभास कुमार, राजस्व पदाधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समीर कुमार, बुनियादी केंद्र के प्रभारी, कार्यालय कर्मी, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष चौरसिया, दिलीप झा, अमितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लाभुक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। अंत में विधायक ने बुनियादी केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी को केंद्र की आवश्यकताओं और कमियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि केंद्र को और बेहतर एवं सुसज्जित बनाया जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।