संदिग्ध हालत में युवक का मिला शव, परिजनों ने पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप

Mar 03, 2026 01:49 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

बैसा, एक संवाददाता। रौटा थानाक्षेत्र के मल्हारा मोड़ के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में 34 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक भागपुनास निवासी एहसान रज

संदिग्ध हालत में युवक का मिला शव, परिजनों ने पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप

बैसा, एक संवाददाता।रौटा थानाक्षेत्र के मल्हारा मोड़ के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में 34 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक भागपुनास निवासी एहसान रजा था।मृतक के पिता साबीर आलम ने रौटा थाना में आवेदन देकर बहू शमरीन ताज पर साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। आवेदन में बताया गया है कि उनका पुत्र बीते रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे सऊदी अरब से अपने घर भागपुनास लौटा था। शाम छह बजे इफ्तार करने के दौरान दोमोहनी गांव की रहने वाली उसकी पत्नी शमरीन ताज ने फोन कर उसे ससुराल बुलाया। इफ्तार के बाद एहसान रजा ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला।

रात करीब आठ बजे शमरीन ताज ने फिर फोन कर बताया कि उसका पति अब तक ससुराल नहीं पहुंचा है। इसके बाद परिजन चिंतित हो उठे और युवक के मोबाइल पर लगातार कॉल किया लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। काफी खोजबीन के बाद रात करीब 12 बजे बायसी-दिघलबैंक राज्य पथ-99 पर मल्हारा मोड़ से लगभग सौ मीटर की दूरी पर एक शव पड़ा मिला। नजदीक जाकर देखने पर परिजनों ने उसकी पहचान एहसान रजा के रूप में की। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। परिजनों का कहना है कि मृतक का अपनी पत्नी से वैवाहिक संबंध ठीक नहीं था। इसी आधार पर उन्होंने पत्नी पर साजिश कर अज्ञात व्यक्तियों से हत्या कराने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।