
लगातार वर्षा से बाजार में जलजमाव, लोगों की बढ़ी परेशानी
जलालगढ़, एक संवाददाता। लगातार हो रही वर्षा से जलालगढ़ बाजार के कई हिस्सों में पानी का जमाव हो गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जलालगढ़, एक संवाददाता।लगातार हो रही वर्षा से जलालगढ़ बाजार के कई हिस्सों में पानी का जमाव हो गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाजार के जिन इलाकों में वर्षों पहले नाला बनाया गया था, वहां अब लोगों द्वारा नाला बंद कर देने से जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। बाजार क्षेत्र में जगह-जगह पानी भर जाने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कत हो रही है। खासकर महिलाओं और छोटे बच्चों को फिसलन भरी सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया है। जलालगढ़ रेलवे गुमटी से लेकर दक्षिण घटवार टोला तक कई घरों में वर्षा का पानी प्रवेश कर गया है।

ओवरब्रिज के पूर्वी हिस्से में टेंपो स्टैंड के पास स्थिति और भी खराब है। यहां यात्रियों को टेंपो तक पहुंचने के लिए घुटने भर पानी में उतरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की ओर कई बार सांसद, विधायक और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अशोक कुमार, दीपक कुमार विश्वास और संदीप कुमार सहित कई लोगों ने प्रशासन से तत्काल बाजार में नाला खुदवाकर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो बाजार की स्थिति और बिगड़ सकती है। ............................................................. बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता हरदा, एक संवाददाता। शनिवार की रात हुई मूसलाधार बारिश से हरदा क्षेत्र के किसानों की पकी हुई धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल पानी में डूब गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय किसान तरुण कुमार सिंह ने बताया कि चयना, घुटराज और धनिया किस्म की धान कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी लेकिन अचानक हुई तेज बारिश ने सारा मेहनत पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि कई बीघा फसल गिर गई है, जिससे दाना काला पड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि बीबी ग्यारह किस्म की धान को इस बारिश से कुछ लाभ मिला है, लेकिन कुल मिलाकर अधिकांश किसानों की स्थिति चिंताजनक है। किसान मो. सलीम उद्दीन, नारायण मिश्र और जलील बैठा ने बताया कि आलू की रोपाई के लिए खेत तैयार थे, लेकिन पानी भर जाने से रोपाई में अब देरी होगी। किसानों का कहना है कि हर साल प्राकृतिक आपदाओं के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। समय पर राहत नहीं मिलने से उनकी माली हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसलों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


