Purnia News पत्नी और मासूम बच्चों के सामने युवक की निर्मम हत्या

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News बनमनखी में शनिवार रात को दो भाइयों ने अपने बड़े भाई सुशील शर्मा की हत्या कर दी। पत्नी कविता देवी ने बताया कि घटना के समय उनके पति के साथ मारपीट की गई और बाद में धारदार हथियार से वार कर उनकी जान ले ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

Purnia News पत्नी और मासूम बच्चों के सामने युवक की निर्मम हत्या

Purnia News बनमनखी, संवाद सूत्र। बनमनखी थाना क्षेत्र के मखनाहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित मखनाहा हैरपुर गांव में शनिवार की रात दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने बड़े भाई की उसकी पत्नी और तीन छोटे बच्चों के सामने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक अचैन शर्मा का 35 वर्षीय सुशील शर्मा था। मृतक की पत्नी कविता देवी ने आरोप लगाया कि दोनों भाइयों ने पहले उनके पति की बेरहमी से पिटाई की और बाद में धारदार हथियार से हमला कर दिया। जब वह पति को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर और बच्चों पर भी हमला करने का प्रयास किया।

वह अपने बच्चों के साथ आंगन से दरवाजे पर आ गई। मृतक की पत्नी कविता देवी ने बताया कि उनका देवर वकील शर्मा पिछले 12 वर्षों से घर से लापता था और बीते बुधवार को अचानक घर लौटा था। उसके लौटने के बाद दोनों छोटे भाई, वकील शर्मा और बाबुल शर्मा आपस में अक्सर गुप्त रूप से बातचीत करते थे। जब उनके पति वहां पहुंचते थे तो दोनों बातचीत बंद कर देते थे। कविता देवी का कहना है कि शनिवार शाम दोनों भाई बनमनखी बाजार से एक धारदार हथियार खरीदकर घर लाए थे। रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान बाबुल शर्मा और वकील शर्मा ने अचानक सुशील शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। खींचकर आंगन में ले गए। दोनों का कहना था कि सुशील शर्मा को भूत लग गया है। इसके बाद दोनों आरोपियों ने आंगन का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उनके पति के मुंह में कपड़ा ठूंसकर धारदार हथियार से हमला करते हुए उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान चीख-पुकार के बावजूद कोई मदद के लिए नहीं आया। कविता देवी का आरोप है कि हत्या के बाद भी दोनों आरोपित घटनास्थल के पास ही बैठे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। मृतक सुशील शर्मा खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें आठ वर्षीय कृष्ण कुमार, छह वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और तीन वर्षीय शिवानी कुमारी शामिल हैं। करीब 10 वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी। घटना के बाद परिवार सदमे में है। इधर, सूचना मिलने पर बनमनखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsPurnia NewsPurnia News पत्नी और मासूम बच्चों के सामने युवक की निर्मम हत्या