Purnia News: जीडी गोयनका स्कूल में रक्तदान व नेत्र जांच शिविर, 30 लोगों ने किया रक्तदान
Purnia News: जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल पूर्णिया में रक्तदान एवं निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। 30 लोगों ने रक्तदान किया और कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद विद्यार्थियों को चश्मे भी मुफ्त में दिए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन उप-प्राचार्य राज कुमार दास ने किया।

Purnia News: रानीपतरा/संवाद सूत्र। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल पूर्णिया में गुरुवार को रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। लायंस नेत्रालय, फारबिसगंज, लायंस क्लब ऑफ फारबिसगंज एवं लायंस ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं कक्षा छह से नौ तक के विद्यार्थियों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को उचित नंबर के चश्मे भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के उप-प्राचार्य राज कुमार दास ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, निदेशक-प्राचार्या पुलोमा नंदी, लायंस नेत्रालय फारबिसगंज के निदेशक डॉ. शंभू सिंह सहित चिकित्सा दल के सदस्य, अभिभावक एवं विद्यालय कर्मी मौजूद रहे।
रक्तदान शिविर में अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यालय के प्रशासनिक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी रक्तदाताओं को लायंस क्लब की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। नेत्र जांच के दौरान विद्यार्थियों को आंखों की देखभाल और नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। निदेशक-प्राचार्या पुलोमा नंदी ने कहा कि बच्चों की नियमित नेत्र जांच उनकी पढ़ाई और सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। डॉ. शंभू सिंह ने भी बच्चों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

