पूर्णिया निगम में सातों पुराने चेहरे ही सशक्त स्थायी समिति के सदस्य बने
-चार सीटों के लिए बनी सहमति, तीन के लिए हुआ चुनाव पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। बिहार सरकार के नगर आवास एवं विकास विभाग द्वारा नगर निकाय क्षेत्रों

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। बिहार सरकार के नगर आवास एवं विकास विभाग द्वारा नगर निकाय क्षेत्रों में सशक्त स्थाई समिति के गठन को लेकर चुनाव कराया गया। पूर्णिया जिला में कुल 11 नगर निकाय (08 नगर पंचायर, 02 नगर परिषद एवं 01 नगर निगम पूर्णिया) के लिए सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन सहायक निर्वाची पदाधिकारी के द्वारा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया गया। समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में शुक्रवार को नगर निगम पूर्णिया की सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव में नगर निगम के 46 में 45 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वार्ड संख्या पांच की पार्षद निर्जला देवी मतदान प्रक्रिया में अनुपस्थित रहीं। सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न चुनाव में चार सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ जबकि तीन सीटों के लिए मतदान हुआ। चुनाव में आशा महतो, मुर्शीदा खातून, कमली देवी एवं प्रदीप जायसवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए। तीन सीटों के लिए कराए गए मतदान में स्वपन घोष को 23 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रविशंकर कुशवाहा को 21 मत प्राप्त हुए, एक मत अवैध घोषित किया गया। दूसरी सीट पर कुमारी खुशबू को 21 मत प्राप्त हुए, जबकि राजीव रंजन सहाय को 7 तथा कल्याणी राय को 15 मत हासिल हुए। इस दौरान 2 मत अवैध पाए गए। वहीं तीसरी सीट पर ममता सिंह ने 33 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि प्रतिद्वंदी अर्जुन सिंह को 11 मत मिले और 1 मत अवैध घोषित किया गया। इस प्रकार पूर्व से पदासीन सभी सातों सदस्य फिर से सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके पश्चात सभी सदस्य नगर निगम सभाकक्ष पहुंचे, जहां महापौर विभा कुमारी एवं नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने बुके देकर एवं माला पहनाकर सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया。
वार्ड पार्षदों की एकजुटता की जीत : मेयर :
-महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति नगर निगम की रीढ़ मानी जाती है, लिहाजा इसके सदस्यों का निर्वाचन महत्वपूर्ण होता है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आज सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। चार सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचन के लिए सभी निर्वाचित पार्षदों को बधाई और जो लोग चुनावी प्रक्रिया पूरी कर निर्वाचित हुए हैं उन्हें भी हार्दिक बधाई। चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है जहां जीत या हार तय है, इसे दूसरे नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। बिना किसी का नाम लिए महापौर ने कहा कि कुछ लोग पर्दे के पीछे बैठकर नगर निगम के भाग्य-विधाता बनने का प्रयास कर रहे थे, उनके मंसूबे विफल हुए हैं। यह जीत नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जीत है। वार्ड पार्षदों की एकजुटता की जीत है।
नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा ईमानदारी से कार्य करेंगे :
-नवनिर्वाचित सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि पूर्णिया शहर के विकास, साफ-सफाई, जलजमाव की समस्या, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही नगर निगम की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


