Purnia News: बंगाल की भट्टारिका पद्धति से होती है रायपुरा भगवती की पूजा
Purnia News: भवानीपुर के रायपुरा स्थित माता भगवती मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की परंपरा करीब ढाई सौ वर्षों से चली आ रही है। यहाँ दशहरा पर भारी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। मंदिर की स्थापना रोचक है, जहाँ पहले मां की प्रतिमा डुमरा गांव में थी। बलि की परंपरा आज भी बरकरार है।

Purnia News: भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के रायपुरा स्थित माता भगवती मंदिर में बंगाल की भट्टारिका पद्धति से माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। करीब ढाई सौ वर्षों से अधिक समय से यहां माता की आराधना की परंपरा चली आ रही है। मान्यता है कि सच्चे मन से माता के दरबार में मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है। यही वजह है कि दशहरा के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। माता के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता, ऐसी श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। ग्रामीण बुजुर्गों के अनुसार, मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार माता को चढ़ावा अर्पित करते हैं। वैसे तो वर्षभर मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन शारदीय नवरात्र और दशहरा के मौके पर यहां लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर की स्थापना का इतिहास
....काफी रोचक है मंदिर की स्थापना का इतिहास: रायपुरा के बुजुर्ग पंडित जीवानंद ठाकुर, अमरकांत झा, ओंकार झा और राघव ठाकुर ने बताया कि रायपुरा भगवती मंदिर की स्थापना का इतिहास काफी रोचक है। बुजुर्गों के अनुसार, पुराने समय में माता की प्रतिमा रायपुरा नदी के दूसरे किनारे स्थित डुमरा गांव में थी। रायपुरा के पंडित प्रतिदिन नदी पार कर डुमरा पहुंचते थे और वहां माता की पूजा-अर्चना करते थे। एक बार भीषण बाढ़ आने के कारण रायपुरा के पंडित माता की पूजा करने डुमरा नहीं पहुंच सके। इसके बाद डुमरा गांव के जमींदारों ने रायपुरा के पंडितों से आग्रह करते हुए माता की प्रतिमा उन्हें सौंप दी और रायपुरा में ही स्थापित कर पूजा-अर्चना करने की बात कही। इसके बाद रायपुरा के पंडितों ने विधि-विधान से मिट्टी के घर में माता की प्रतिमा स्थापित कर पूजा शुरू की। बाद में डुमरा गांव के चर्चित जमींदार बाबू सिवाधिन सिंह के पिता बाबू देवी सिंह ने सर्वप्रथम रायपुरा में दुर्गा मंदिर का निर्माण कराया। समय के साथ माता की ख्याति जिले के प्रमुख शक्तिस्थलों में होने लगी। इसके बाद ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से रायपुरा में भव्य और नयनाभिराम भगवती मंदिर का निर्माण कराया गया।
बलि की परंपरा
...आज भी कायम है बलि की परंपरा: रायपुरा भगवती मंदिर की एक प्रमुख विशेषता यहां दशहरा के अवसर पर निभाई जाने वाली बलि की परंपरा है। वर्षों पुरानी यह परंपरा आज भी मंदिर में जीवंत है। दशहरा के मौके पर सर्वप्रथम डुमरा गांव के यजमान के छागर की बलि दी जाती है। इसके बाद अन्य श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए छागरों की बलि प्रदान की जाती है। मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार, पिछले वर्ष दशहरा के अवसर पर मंदिर परिसर में 500 से अधिक छागरों की बलि दी गई थी। धार्मिक आस्था, प्राचीन परंपरा और ऐतिहासिक विरासत के कारण रायपुरा भगवती मंदिर आज भी क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में शुमार है।

