बीएड में नामांकन के लिए 19 से 21 मई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन
-22 एवं 23 मई को आवेदन पत्र में संशोधन के साथ शुल्क जमा करने का अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। नये सत्र में बीएड में नाम

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। नये सत्र में बीएड में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि सोमवार को समाप्त हो चुकी है। अब अभ्यर्थी 19 से 21 मई तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं 22 एवं 23 मई को आवेदन पत्र में संशोधन तथा अंतिम शुल्क भुगतान की तिथि निर्धारित की गई है। वहीं राज्य स्तरीय बीएड प्रवेश परीक्षा सीईटी-बीएड 2026 का आयोजन 7 जून को किया जाएगा। इस बार प्रवेश परीक्षा आयोजन हेतु नोडल विश्वविद्यालय बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय को बनाया गया है। पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्णिया क्षेत्र में प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। प्रवेश परीक्षा के लिए अब तक पूर्णिया विश्वविद्यालय के अधीनस्थ बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए पांच हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
विश्वविद्यालय के अधीनस्थ बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए अब तक मिले 5 हजार आवेदन :
--
-राज्य स्तरीय बीएड प्रवेश परीक्षा सीईटी-बीएड 2026 में ऑनलाइन आवेदन की तिथि 27 अप्रैल से 18 मई तक निर्धारित की गई थी, जो समाप्त हो चुकी है। अब विलंब शुल्क के साथ 19 से 21 मई तक नामांकन कराने के लिए अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वैसे सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। दिव्यांग, अतिपिछड़ा, पिछड़ा वर्ग, महिला एवं ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये तथा एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षा दो घंटे की होगी तथा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्रश्न पत्र में सामान्य अंग्रेजी के 15 प्रश्न, सामान्य हिंदी के 15 प्रश्न, लॉजिकल एवं एनालिटिकल रीजनिंग के 25 प्रश्न, सामान्य ज्ञान के 40 प्रश्न तथा टीचिंग एंड लर्निंग एनवायरमेंट के 25 प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक 42 निर्धारित किया गया है, अर्थात उन्हें 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करना होगा। वहीं एससी, एसटी, बीसी, ईबीसी, डब्ल्यूबीसी, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत यानी 36 अंक निर्धारित किए गए हैं।
राज्य के बीएड कॉलेजों में 38 हजार सीटों पर नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा :
--
-राज्य के बीएड कॉलेजों में उपलब्ध लगभग 38 हजार सीटों पर नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र आरा, भागलपुर, छपरा, दरभंगा, गया, हाजीपुर, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पटना एवं पूर्णिया में बनाए जाएंगे। शिक्षाशास्त्री अभ्यर्थियों के लिए केवल दरभंगा में परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थी तीन परीक्षा केंद्रों का विकल्प चुन सकेंगे।परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र 1 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा के उपरांत 8 जून को उत्तर कुंजी प्रकाशित की जाएगी। उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु 9 एवं 10 जून की तिथि निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम परिणाम 19 जून को प्रकाशित किया जाएगा। पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा पूर्णिया में परीक्षा केंद्र बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। विश्वविद्यालय के बीएड नोडल पदाधिकारी डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि पूर्णिया विश्वविद्यालय के अधीनस्थ बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए अब पांच हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अब तक ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यार्थी 19 से 21 मई तक विलंब शुल्क के साथ नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


