जबरन देह व्यापार कराने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों का अपहरण कर उससे जबरन देह व्यापार करवाने वाले गिरोह के सरगना को अकबरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सरगना टिंकू मंडल को अकबरपुर पुलिस ने छापेमारी कर उसके घर...
ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों का अपहरण कर उससे जबरन देह व्यापार करवाने वाले गिरोह के सरगना को अकबरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सरगना टिंकू मंडल को अकबरपुर पुलिस ने छापेमारी कर उसके घर डुमरा गांव के डढ़वा टोला से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। भागलपुर जिले के जीरोमाइल थाना में देह व्यापार के दलदल से भागी एक पीड़िता द्वारा मामला दर्ज कराने के बाद अकबरपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। अकबरपुर ओपी प्रभारी इजहार आलम ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि टिंकू मंडल अपने घर आया हुआ है और वह यहां से कहीं बाहर भागने की फिराक में लगा हुआ है। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सअनि राजकुमार एवं सदलबल के साथ छापेमारी करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सरगना टिंकू मंडल के ऊपर पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार के साथ-साथ अन्य जगहों से दर्जन भर से ज्यादा लड़कियों का अपहरण कर जबरन देह व्यापार करवाने का आरोप है।
बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपी टिंकू मंडल इस अपराध में काफी दिनों से शामिल था। जिसकी भनक किसी को नहीं लग रही थी। सूत्रों की और देह व्यापार के दलदल से भागी पीड़िता के अनुसार उसके इस जघन्य अपराध में टिंकू मंडल की कथित पत्नी गुड़िया देवी उनका साथ देती थी और गुड़िया देवी ही सभी लड़कियों को अपने गुप्त ठिकाने पर जबरन रख कर और नशीला पदार्थ देकर देह व्यापार करवाती थी। इस गिरोह से जान बचाकर बाहर निकलने वाली लड़कियों ने बताया कि इस अपराध में मधेपुरा जिले के बिहारीगंज के रहने वाले मिथलेश कुमार भी लड़कियों को लाकर यहां रखते थे एवं सभी मिलकर यह व्यापार करवाते थे। अकबरपुर ओपी पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। अकबरपुर ओपी प्रभारी इजहार आलम ने बताया कि गिरफ्तार सरगना के संबंध में भागलपुर पुलिस को सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को भागलपुर पुलिस के हवाले किया जाएगा।