Purnia News: बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस, डंप डाटा खंगाल रही जांच टीम
Purnia News: फॉलोअप: धमदाहा, एक संवाददाता। अनुमंडल मुख्यालय स्थित धमदाहा बाजार में हथियारबंद बदमाशों द्वारा पांच दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिए

Purnia News: धमदाहा, एक संवाददाता। अनुमंडल मुख्यालय स्थित धमदाहा बाजार में हथियारबंद बदमाशों द्वारा पांच दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने के दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार को बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई थी। वहीं रविवार को तकनीकी टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों का मोबाइल डंप डाटा संग्रह करना शुरू किया।
पुलिस घटना के समय सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से विभिन्न दिशाओं में जाने वाले मोबाइल नंबरों की गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। घटना को लेकर बाजार के व्यवसायी अजीत कुमार झा, सुजीत पोद्दार, दानिश आलम एवं दुर्गा जायसवाल ने संयुक्त रूप से थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। आवेदन के आधार पर धमदाहा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यवसायियों ने बताया कि गुरुवार देर रात चोरों ने धमदाहा बाजार स्थित सुजीत ज्वेलर्स, ऋषभ फैंसी ड्रेसेस, दानिश मोबाइल एसेसरीज, दुर्गा जायसवाल होलसेल दुकान तथा पुस्तक सम्राट के ताले काटकर चोरी का प्रयास किया। बदमाशों की पूरी गतिविधि बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ बदमाशों को पिस्तौल लहराते हुए भी देखा गया है, जिससे व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।


